एशियन वोविनाम चैंपियनशिप में भारत ने जीते तीन कांस्य पदक

नोम पेन्ह (कंबोडिया) । कंबोडिया की राजधानी नोम पेन्ह में आयोजित 6वीं एशियन वोविनाम चैंपियनशिप 2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश के लिए तीन कांस्य पदक हासिल किए।
ओलंपिक स्टेडियम में आयोजित चैंपियनशिप में शुक्रवार को कंबोडिया के केंद्रीय श्रम और व्यावसायिक प्रशिक्षण मंत्रालय के सचिव ली सोथिया , एशियाई महासचिव प्रवीण गर्ग और पदाधिकारीयों ने खिलाड़ियों को मेडल, सर्टिफिकेट और स्मृति चिन्ह सहित पुरस्कृत किया।
चैंपियनशिप की फाइटिंग स्पर्धा में उत्तराखंड के सागर सिंह अधिकारी ने सीनियर पुरुष 48 से 51 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीता। वहीं महाराष्ट्र के श्रीनिवास व्हंकली महादेव ने सीनियर पुरुष 54 से 57 किलोग्राम भार में भारत के लिए दूसरा कांस्य पदक हासिल किया।
इसके अतिरिक्त प्रदर्शन स्पर्धा में भी श्रीनिवास व्हंकली महादेव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सीनियर पुरुष फोर-एलिमेंट स्टाफ फॉर्म स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर अपनी दूसरी व्यक्तिगत पदक उपलब्धि दर्ज की। इस प्रकार भारतीय टीम ने प्रतियोगिता में अब तक कुल तीन कांस्य पदक अपने नाम किए हैं।
छह दिवसीय एशिया चैंपियनशिप में 18 देशों के लगभग 330 खिलाड़ी, कोच, रेफरी एवं तकनीकी अधिकारी प्रतिभाग कर रहे हैं।
भारतीय दल प्रमुख वोविनाम एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष एवं एशियन वोविनाम फेडरेशन के महासचिव मास्टर प्रवीण गर्ग ,महासचिव शंकर महाबले तथा तकनीकी निदेशक एवं अंतरराष्ट्रीय रेफरी देवन मोइरांगथेम भी भारतीय दल के साथ मौजूद रहे और खिलाड़ियों को मेडल जीतने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बधाई दी तथा आगामी मुकाबलों में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।



