कुलजीत सिंह चहल ने बी.के. दत्त कॉलोनी में विकसित ‘एक पेड़ माँ के नाम’ पार्क का किया लोकार्पण

लखनऊ : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के आह्वान पर शुरू किए गए देशव्यापी अभियान ‘एक पेड़ माँ के नाम’ के अंतर्गत नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने आज बी.के. दत्त कॉलोनी स्थित नवनिर्मित ‘एक पेड़ माँ के नाम’ पार्क का लोकार्पण किया और इसे क्षेत्र के निवासियों को समर्पित किया।
इस अवसर पर कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि अभियान के 50वें रविवार के विशेष अवसर पर इस पार्क का लोकार्पण करना उनके लिए खुशी की बात है। उन्होंने बताया कि पहले यह पार्क काफी खराब स्थिति में था और इसका उचित रखरखाव नहीं हो रहा था। NDMC ने इस पार्क को अपने अधीन लेकर इसके विकास और सौंदर्यीकरण की जिम्मेदारी उठाई। इसके तहत विभिन्न सिविल कार्य, रेलिंग लगाना, बाउंड्री वॉल की मरम्मत, रंगाई-पुताई, पार्क के गेट का निर्माण तथा विशेष रूप से पार्क की दीवार पर लाल कोटा स्टोन लगाया गया है। इससे पार्क को एक सुंदर और आकर्षक रूप मिला है, जो पास में स्थित ऐतिहासिक नजफ खान मकबरे के स्वरूप से भी मेल खाता है।
श्री चहल ने कहा कि इस पार्क का विकास क्षेत्र के निवासियों को बेहतर हरित स्थान उपलब्ध कराने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने की दिशा में NDMC का एक प्रयास है। उन्होंने इसे स्थानीय निवासियों को समर्पित करते हुए पार्क की देखभाल और रखरखाव में उनकी भागीदारी की अपील की।
श्री चहल ने कहा कि NDMC का यह प्रयास माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ के विजन को साकार करने तथा नई दिल्ली को और अधिक हरा-भरा, स्वच्छ एवं सुंदर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के आह्वान पर शुरू किए गए ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत NDMC ने अपना 50वाँ लगातार रविवार का विशेष मेगा पौधारोपण अभियान बी.के. दत्त कॉलोनी स्थित नजफ खान मकबरे के पास आयोजित किया। लगातार 50 रविवार तक इस अभियान का आयोजन NDMC, स्थानीय निवासियों और विभिन्न सहयोगी संस्थाओं की पर्यावरण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
आज पौधारोपण के दौरान पीपल, आंवला, चीकू, नींबू, अमरूद और बेलपत्र सहित विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए गए। उन्होंने यह भी बताया कि भविष्य में प्रत्येक पौधे पर QR कोड लगाने की योजना है। इस QR कोड को स्कैन करके पौधे की प्रजाति, पौधारोपण की तारीख और पौधा लगाने वाले व्यक्ति का नाम सहित अन्य जानकारी प्राप्त की जा सकेगी। इससे प्रत्येक पौधे का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होगा और लोगों में उसकी देखभाल की जिम्मेदारी की भावना भी बढ़ेगी।
इस अवसर पर श्री चहल ने पौधारोपण अभियान में लगातार योगदान देने वाले ‘पर्यावरण प्रहरियों’ को सम्मानित भी किया। इसमें पालिका सहायकों के साथ सिविल और उद्यान विभाग के वरिष्ठ कर्मचारियों को उनके सराहनीय कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
पौधारोपण कार्यक्रम में स्थानीय निवासियोंñ, महिलाओं, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA), मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन के सदस्यों और NDMC अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
श्री चहल ने कहा कि इस अभियान में RWA, मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन, दूतावासों, स्कूल-कॉलेजों, विभिन्न संस्थानों और NDMC कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया है। सभी के सहयोग से यह अभियान जनभागीदारी का एक अच्छा उदाहरण बना है।
श्री चहल ने कहा कि केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी नियमित देखभाल, पानी देना और सुरक्षा करना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि वे अपने लगाए गए पौधों की जिम्मेदारी लें और उन्हें पेड़ बनने तक उनकी देखभाल करें, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा और बेहतर पर्यावरण मिल सके।
उन्होंने NDMC के उद्यान विभाग सहित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और विशेष रूप से फील्ड स्टाफ का आभार व्यक्त किया, जो दिन-रात मेहनत करके माननीय प्रधानमंत्री जी के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ के संकल्प को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
…….



