उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

महिला रेल कर्मचारियों के कल्याण एवं सम्मान के प्रति प्रतिबद्धता, मैलानी में 11 महिला रेलकर्मियों को डीआरएम ने उपहार प्रदान कर किया सम्मानित

लखनऊ । पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मण्डल में रेल कर्मचारियों के कल्याण, सम्मान एवं बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को प्राथमिकता देते हुए मण्डल रेल प्रबन्धक गौरव अग्रवाल ने वरिष्ठ शाखाधिकारियों के साथ लखनऊ जं.-मैलानी जं. रेल खण्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान मैलानी रेलवे स्टेशन पर उन्होंने 11 महिला रेल कर्मचारियों को प्रोत्साहन स्वरूप उपहार प्रदान कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर मण्डल रेल प्रबन्धक ने महिला रेल कर्मचारियों से संवाद कर उनके कार्य अनुभव, कल्याण, कार्यस्थल पर उपलब्ध सुविधाओं एवं कुशलक्षेम की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कर्मचारियों को प्रोत्साहित करते हुए उनके हितों, सम्मान एवं सुविधाओं के प्रति रेल प्रशासन की प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि रेल परिचालन एवं यात्री सेवाओं में महिला कर्मचारियों की भूमिका महत्वपूर्ण है तथा उनके लिए सकारात्मक, सुरक्षित एवं सहयोगपूर्ण कार्य वातावरण उपलब्ध कराना रेल प्रशासन की प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान मण्डल रेल प्रबन्धक ने सिधौली, गोला गोकर्णनाथ एवं मैलानी स्टेशनों पर स्टेशन भवन, प्लेटफार्म, पैदल उपरिगामी पुल, सिग्नलिंग व्यवस्था, स्टेशन यार्ड तथा यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण का उद्देश्य रेल परिचालन में संरक्षा, स्वच्छता, यात्री सुविधाओं की गुणवत्ता तथा विभिन्न विकास एवं पुनर्विकास कार्यों की प्रगति का आकलन करना था।

सिधौली स्टेशन पर उन्होंने सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग स्थल, यात्री विश्रामालय एवं अन्य यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। गोला गोकर्णनाथ स्टेशन पर प्लेटफार्म, सर्कुलेटिंग एरिया, खानपान स्टॉल, यात्री प्रतीक्षालय, पेयजल व्यवस्था एवं साफ-सफाई का अवलोकन किया। उन्होंने यात्रियों की सुविधा एवं संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार के निर्देश दिए।

मैलानी जंक्शन पर मण्डल रेल प्रबन्धक ने बुकिंग कार्यालय, सर्कुलेटिंग एरिया, एकीकृत क्रू लॉबी, गार्ड रनिंग रूम, प्लेटफार्म, फुट ओवर ब्रिज, वाशिंग पिट एवं सीक लाइन का निरीक्षण किया। इसके अतिरिक्त स्टेशन परिसर की स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था, खानपान स्टॉल, वीआईपी लाउंज तथा पुरुष एवं महिला प्रतीक्षालयों में उपलब्ध सुविधाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यात्री सुविधाओं के उन्नयन एवं स्वच्छता के उच्च मानकों को बनाए रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण कार्यक्रम के उपरांत मण्डल रेल प्रबन्धक गौरव अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति में दीप प्रज्वलन के साथ पूर्वोत्तर रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, जिला प्रशिक्षण केंद्र, मैलानी के नवीनीकृत भवन का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर स्काउट रिया एवं उत्तम ने फीता काटकर तथा उद्घाटन पट्टिका का अनावरण कर भवन का लोकार्पण किया।

अपने संबोधन में मण्डल रेल प्रबन्धक ने कहा कि लखनऊ मण्डल स्काउटिंग एवं गाइडिंग गतिविधियों को निरंतर प्रोत्साहित करने तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करने हेतु प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि स्काउटिंग एवं गाइडिंग बच्चों में सेवा, अनुशासन, सहयोग, सद्भावना एवं राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करने के साथ-साथ नेतृत्व क्षमता, सामाजिक जिम्मेदारी एवं राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। नवीनीकृत प्रशिक्षण केंद्र बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने, नए कौशल सीखने, अनुभव साझा करने एवं नई मित्रताएं विकसित करने का अवसर प्रदान करेगा।

इस अवसर पर वरिष्ठ मण्डल कार्मिक अधिकारी  राजेश कुमार गुप्ता, वरिष्ठ मण्डल इंजीनियर द्वितीय अश्विनी कुमार तिवारी, मण्डल दूर एवं संचार इंजीनियर  मो. आमिर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button