यात्री की खोई हुई अंगूठी सुरक्षित वापस लौटाकर रेल कर्मचारियों ने पेश की ईमानदारी एवं तत्परता की मिसाल

लखनऊ : उत्तर रेलवे के रेल कर्मचारियों ने एक बार फिर अपनी कर्तव्यनिष्ठा, तत्परता एवं मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए ट्रेन संख्या 27422 New Delhi – Varanasi Vande Bharat में यात्रा कर रही एक महिला यात्री की खोई हुई अंगूठी सुरक्षित वापस लौटाई।
गत 21नवम्बर 2026 को उक्त ट्रेन के कोच संख्या A2 की बर्थ संख्या 31 पर यात्रा कर रही यात्री प्रज्ञा पांडेय की अंगूठी यात्रा के दौरान अनजाने में उनकी बर्थ पर छूट गई थी। ट्रेन से उतरने के बाद जब उन्हें अंगूठी छूटने की जानकारी हुई तो उन्होंने सहायता की तलाश की। इसी दौरान स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में उनकी मुलाकात ट्रेन मैनेजर प्रशांत श्रीवास्तव से हुई। प्रशांत श्रीवास्तव ड्यूटी पर नहीं थे, इसके बावजूद उन्होंने यात्री की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सहायता प्रदान की तथा कोच अटेंडेंट मनु से संपर्क किया। दोनों रेल कर्मचारियों ने आपसी समन्वय एवं प्रयासों से अंगूठी की तलाश की और उसे सुरक्षित बरामद कर यात्री को वापस सौंप दिया। अपनी खोई हुई अंगूठी सुरक्षित वापस मिलने पर यात्री प्रज्ञा पांडेय ने रेल कर्मचारियों की तत्परता, सहयोग एवं सराहनीय कार्य के लिए आभार व्यक्त किया।
उत्तर रेलवे यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं संरक्षा के साथ-साथ उन्हें बेहतर एवं संवेदनशील रेल सेवाएं प्रदान करने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।



