प्रधानमंत्री मोदी के फिक्की संबोधन से उनकी घबराहट और बौखलाहट झलकती है: कांग्रेस
जयराम रमेश ने कहा : प्रधानमंत्री उद्योगपतियों को दोषी ठहराने के बजाय अपनी नीतियों पर आत्मचिंतन करें

नई दिल्ली : कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा फिक्की संबोधन में देश के उद्योगपतियों पर ताना मारने को उनकी घबराहाट और बौखलाहट बताया है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि वेतन, रोजगार, निजी निवेश में वृद्धि नहीं होने और बढ़ती आर्थिक विषमताओं का कारण प्रधानमंत्री की नीतियां हैं; उन्हें उद्योगपतियों को दोषी ठहराने के बजाय अपनी नीतियों पर आत्मचिंतन करना चाहिए।
कांग्रेस कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान पार्टी के संचार विभाग के प्रभारी महासचिव व राज्यसभा सांसद जयराम रमेश ने कहा कि फिक्की के कार्यक्रम में 12 साल में पहली बार घबराए और बेचैन प्रधानमंत्री ने उद्योग जगत के बड़े कारोबारियों पर हमला किया है।
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि प्रधानमंत्री का उद्योगपतियों के सामने इन समस्याओं को स्वीकार करना हैरान करने वाला है, लेकिन उन्होंने अर्थव्यवस्था की मौजूदा स्थिति के लिए अपनी सरकार की विफलताओं की पूरी सच्चाई नहीं बताई। प्रधानमंत्री को स्वीकार करना चाहिए कि उनकी सरकार के 12 साल के शासन में महंगाई बेकाबू है, रोजगार के पर्याप्त अवसर पैदा नहीं हो रहे हैं और निजी निवेश की रफ्तार भी सुस्त है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने संबोधन में वही बातें दोहराई, जो कांग्रेस वर्षों से कह रही है और 2024 लोकसभा के घोषणापत्र न्याय पत्र में कही थी। उस समय प्रधानमंत्री ने कांग्रेस को अर्बन नक्सल सोच से प्रेरित बताया था।
जयराम रमेश ने कहा कि प्रधानमंत्री ने उद्योग जगत में भय का माहौल पैदा किया है, जिससे निवेशकों का भरोसा कमजोर हुआ है। चुनिंदा कारोबारियों का एकाधिकार बढ़ रहा है और उन्हें देश की संपत्तियां सौंपी जा रही हैं। इससे बाजार में प्रतिस्पर्धा खत्म हो रही है। इसका नुकसान छोटे कारोबारियों, उद्योगों और आम लोगों को उठाना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार पर जांच एजेंसियों का इस्तेमाल कर एक कारोबारी समूह को फायदा पहुंचाने का भी आरोप लगाया।
चीन के साथ बढ़ते व्यापार घाटे का मुद्दा उठाते हुए जयराम रमेश ने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 में भारत का चीन के साथ व्यापार घाटा 112 अरब डॉलर रहा, जो 2026-27 में बढ़कर 150 अरब डॉलर तक पहुंचने का अनुमान है। उन्होंने आगे कहा कि नोटबंदी और जीएसटी के फैसलों के कारण भी लाखों लोगों की आजीविका प्रभावित हुई और छोटे उद्योगों को नुकसान पहुंचा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के फिक्की संबोधन से ऐसा प्रतीत होता है कि उन्हें अपनी विदाई का अंदेशा हो गया है, इसीलिए जाते-जाते वे सभी को दोषी ठहराना चाहते हैं।
*राहुल गांधी बोले- देश देख रहा है कि लूट मोदी और उनके मित्रों ने की*
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, प्रधानमंत्री कल उद्योगपतियों को ताना मार रहे थे कि टैक्स घटाने के बावजूद न कंपनियों ने तनख्वाह बढ़ाई और न ही नौकरियां दीं। उन्होंने कहा कि यह बयान प्रधानमंत्री का कबूलनामा है। प्रधानमंत्री कह रहे थे कि भूख इतनी है कि पेट भरता ही नहीं है।
नेता प्रतिपक्ष ने सवाल उठाया कि एयरपोर्ट, बंदरगाह, खदानें, जंगल, बिजली, कोयला और सड़कें जिन लोगों के नाम कर दी गईं, उन्होंने देश में कितनी नौकरियां पैदा कीं। उन्होंने कहा कि रोजगार देने वाले छोटे व्यापारी और छोटे-मध्यम उद्योगों को तो मोदी सरकार ने नोटबंदी एवं गलत जीएसटी लागू कर तबाह कर दिया। ईमानदारी से मुकाबला करने वाली कंपनियों के लिए भी मैदान खत्म कर दिया गया। उन्होंने एकाधिकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इससे रोजगार पैदा नहीं होता, महंगाई बढ़ती है और प्रतिस्पर्धा खत्म होती है। देश देख रहा है कि लूट मोदी और उनके मित्रों ने की है।
कार्यक्रम में तालियां नहीं बजने पर प्रधानमंत्री द्वारा नाराजगी जताने को लेकर भी राहुल गांधी ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की नीतियों ने उद्योगपतियों, छोटे व्यापारियों, महंगाई से परेशान गरीब और मध्यम वर्ग तथा बेरोजगार युवाओं सहित किसी को भी तालियां बजाने लायक नहीं छोड़ा है। प्रधानमंत्री पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि वे तालियां और थालियां अपने बचे-खुचे भक्तों से ही बजवा लें।



