पूर्व प्रधानमंत्री-भारत रत्न श्रीमती इन्दिरा गांधी जी की 109वीं जयन्ती की पूर्व संध्या पर महिला सम्मान दिवस मनाया गया

लखनऊ । पूर्व प्रधानमंत्री-भारत रत्न श्रीमती इन्दिरा गांधी जी की 109वीं जयन्ती की पूर्व संध्या पर आज उ.प्र. कंाग्रेस कमेटी मुख्यालय में उ.प्र. कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष डाॅ. प्रमोद कुमार पाण्डेय के संयोजकत्व में ‘महिला सम्मान दिवस’ मनाया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों-चिकित्सा, मीडिया, विधि क्षेत्र, साहित्यिक, अभियान्त्रिकी, सांस्कृतिक, सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। इस मौके पर एक विचार गोष्ठी का भी आयोजन किया गया।
इस मौके पर मौजूद वक्ताओं ने श्रीमती इन्दिरा गांधी जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि श्रीमती इन्दिरा गांधी जी ने सिर्फ हिन्दुस्तान ही नहीं बल्कि विश्व के मानचित्र की दिशा और दशा को बदला। वानरी सेना से देश के लिए संघर्ष करने की शुरूआत के साथ जीवन के अंतिम क्षण तक केवल भारत और भारतीयता उनमें रची-बसी थी। वक्ताओं ने कटाक्ष करते हुए यह भी कहा कि अप्रैल 1984 में अंतरिक्ष यात्री राकेश शर्मा से बात करते हुए उन्होने पूछा था कि वहां से भारत कैसा लगता है वह जवाब भी सभी को ज्ञात है लेकिन मौजूदा प्रधानमंत्री आज अंतरिक्ष यात्री से क्या सवाल करते हैं और क्या जवाब मिलता है यही भारत की वर्तमान राजनीति को व्यक्त करता है। महिला सशक्तिकरण की दिशा में उ.प्र. कांग्रेस सेवादल द्वारा एक अनूठा प्रयास किया गया कि मंच पूरी तरह महिलाओं को समर्पित रहा। महिलाओं ने भी अपने शब्दों के माध्यम से जमकर मौजूदा हालात(आर्थिक, सामाजिक, राजनीतिक) पर अपनी भड़ास निकालते हुए कहा कि मंच और माइक से इस देश और सूबे के राजनेता महिला सशक्तीकरण की बात जरूर करते हैं लेकिन आज भी महिलाएं असुरक्षित हैं।
कार्यक्रम में 100 से अधिक महिलाओं को शाॅल, मोती की माला और पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया गया।
सम्मान प्राप्त करने वाली महिलाओं में डा. अमृता लुम्बानी, डा. तबस्सुम खान, सतरूपा पाण्डेय, काविश अजिस लेनिन, प्रतिभा भारद्वाज, दिव्या श्रीवास्तव, मुकुल मिश्रा, श्रुति गुप्ता, चांदनी गुप्ता वैदिका, मंजू श्रीवास्तव, अरशाना अजमत, डा. गीता शुक्ला, प्रतिभा भारद्वाज, अमिता पारूल, शालिनी श्रीवास्तव, प्रिया पाण्डेय एडवोकेट, डा. सुधा मिश्रा, डा. रिचा कौशिक, प्रियंका गुप्ता, सिद्धिश्री, शीला मिश्रा, सरिता यादव, कनिष्का रफेल आदि महिलाओं को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सेवादल की राष्ट्रीय प्रभारी मध्य जोन कल्पना भटनागर विशेष रूप से मौजूद रहीं।
सुशील तिवारी सोनू पंडित, अनिल देव त्यागी, लक्ष्मी नरायन दीक्षित, सतीश बिन्द द्वारा इस आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



