लखीमपुर खीरी एवं मैलानी स्टेशन पर रेलवे पेंशनभोगियों के लिए डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र शिविर आयोजित 59 पेंशनभोगियों को डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनवाने में मिली सहायता

लखनऊ । रेलवे पेंशनभोगियों को डिजिटल सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराने एवं जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने की प्रक्रिया को सरल एवं सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल द्वारा लखीमपुर खीरी एवं मैलानी रेलवे स्टेशनों पर डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र शिविरों का आयोजन किया गया।
मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित इन शिविरों में कार्मिक एवं लेखा विभाग के कर्मचारियों ने पेंशनभोगियों को ऑनलाइन जीवन प्रमाण (Online Jeevan Pramaan) एप्लीकेशन के माध्यम से डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र बनाने की प्रक्रिया की जानकारी दी। साथ ही उन्हें प्रमाण-पत्र बनवाने में आवश्यक सहयोग भी प्रदान किया गया।
इन शिविरों के दौरान लखीमपुर खीरी स्टेशन पर 16 तथा मैलानी स्टेशन पर 43 रेलवे पेंशनभोगियों सहित कुल 59 पेंशनभोगियों को डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र बनवाने में सहायता प्रदान की गई।
इस पहल का उद्देश्य रेलवे पेंशनभोगियों को डिजिटल सेवाओं के प्रति जागरूक करना तथा जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने की प्रक्रिया को अधिक सरल, सुगम एवं सुविधाजनक बनाना है।



