ईपीएस-95 पेंशन बढ़ोतरी की मांग को लेकर 19 नवंबर को ईपीएफओ मुख्यालय पर प्रदर्शन

नई दिल्ली : ईपीएस-95 पेंशन में पिछले 14 वर्षों से बढ़ोतरी नहीं होने और महंगाई के कारण पेंशनर्स की आर्थिक स्थिति प्रभावित होने के विरोध में 19 नवंबर को ईपीएफओ मुख्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा। ईपीएफओ की केंद्रीय न्यासी बोर्ड (सीबीटी) की बैठक के दौरान पेंशन बढ़ोतरी की मांग उठाने के लिए ईपीएस-95 राष्ट्रीय संघर्ष समिति के बैनर तले विभिन्न राज्यों के पेंशनर्स जुटेंगे।
प्रदर्शन में दिल्ली-एनसीआर के अलावा उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हरियाणा के विभिन्न विभागों एवं निजी संस्थानों के पेंशनर्स शामिल होंगे। समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष कमांडर अशोक राऊत, राष्ट्रीय महासचिव वीरेंद्र सिंह राजावत सहित कई पदाधिकारी प्रदर्शन का नेतृत्व करेंगे।
समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष कमांडर अशोक राऊत ने कहा, “पिछले 14 वर्षों से पेंशनर्स की पेंशन में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। महंगाई के इस दौर में 1,000 रुपये की पेंशन में जीवनयापन करना बेहद मुश्किल है। सरकार को अब पेंशनर्स की मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए न्यूनतम पेंशन 7,500 रुपये और महंगाई भत्ता देने का निर्णय लेना चाहिए।”
पेंशनर्स प्रधानमंत्री और श्रम मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर न्यूनतम पेंशन 7,500 रुपये प्रतिमाह करने, महंगाई भत्ता देने और पति-पत्नी को मुफ्त चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग करेंगे। इसके अलावा, सर्वोच्च न्यायालय के आदेशानुसार सभी पात्र पेंशनर्स को समान रूप से उच्च पेंशन का लाभ देने की मांग भी उठाई जाएगी।
समिति का कहना है कि पिछले कई वर्षों से पेंशन बढ़ोतरी का आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। पेंशनर्स को उम्मीद है कि सीबीटी की बैठक में उनकी मांगों पर विचार कर राहत देने वाला फैसला लिया जाएगा।



