उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

प्रोफेसर सत्यमूर्ति जन्मशती नाट्य समारोह प्रारम्भ

संजीदा अभिनय से सजे 'खलल' में आये व्यवधान

लखनऊ। मास्साब की याद में प्रोफेसर सत्यमूर्ति जन्मशती नाट्य समारोह की शुरुआत बेहतरीन अदाकारी से भरे स्त्री पुरुष सम्बंधों के 25 वषों की दास्तान पेश करते एक ऐसे नाट्य प्रदर्शन से हुई जिसे इंटीमेट थियेटर का बढ़िया उदाहरण कहा जा सकता है, पर गाडगे जैसे बड़े हाल में इसमें थोड़ा बिखराव आ गया।

दर्पण लखनऊ द्वारा संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार के सहयोग से हुए समारोह में पहले दिन चेकमेट प्रोडक्शन दिल्ली ने निक्की नरूला के निर्देशन में गुलरेज जाहिद इरशाद के लिखे नाटक ‘ख़लल’ का मंचन किया। ये समारोह यहां 20 नवम्बर तक चलेगा।
नाटक की शुरुआत में अमायरा और आमिर शादी के 15 वर्षों बाद अलग हो रहे होते हैं और अंत में 10 बरस बाद फिर साथ आ जाते हैं। बीच के दृश्यों में रिश्तों में आने वाली खीज, खटास, भरोसा तोड़ने और प्यार या यूं कहें एक दूसरे में रुचि खत्म होने के बाद की चुप्पी को बहुत ही असरदार ढंग से पिरोया गया है। अलग होने के बाद आमिर के जिंदगी में आई दो स्त्रियों और अमायरा के जीवन में आये एक पुरुष। और दोनों के दो बच्चों का जिक्र भी दोनों की बीच की मुलाकातों में सामने आता रहता है। निर्देशन का दायित्व वहन करने के साथ अमायरा बनी निक्की और आमिर बने तहसीन बहुत ही सहज अभिनय करते हैं। ऐसे में फुट माइक होने के बावजूद उनकी आवाज़, खासकर गाडगे हाल में पीछे तक नहीं पहुंचती और दर्शकों के बीच से वाल्यूम बढ़ाने की गुजारिश कई बार उठती है। नाटक के लेखक के तौर पर दर्शकों को इस दम्पति की कहानी के सूत्र परोसने वाला युवा किरदार अंडरप्ले कर गया।अयान जिससे कहानी अहाते समय यदि अमायरा आमिर के रियल अभिनय के बरखि़लाफ थोड़ा अलग रंग दिया जाता तो तीनों ही चरित्र कंट्रास्ट में उभरकर सामने आते। एक लेखक जो सीधे दर्शकों से बात करता है, उसे दर्शकों से जोड़ने वाले कुछ और रंग संवाद भी देने थे।
पूरी प्रस्तुति में आये तकनीकी व्यवधानों को छोड़ भी दिया जाये तो सबसे ज्यादा शिकायत अमायरा आमिर के बार बार ड्रेस बदलने में नष्ट समय से लम्बे अंतराल आने से रही। पता नहीं, अपने को एलीट क्लास दर्शकों के बीच लाने की गरज में रंगदल और फिल्मी मोड़ में ढले निर्माता निर्देशक ये क्यों भूल जाते हैं कि दर्शक हाल में सेट-प्रापर्टी और फैशन शो की तरह कपड़े देखने नहीं आते, कहानी और अभिनय देखने आते हैं। फिर रंगमंच फिल्म भी नहीं कि ऐसे कृत्यों से प्रस्तुति सीधे प्रभावित न हो। बार बार ड्रेस बदलने के अलावा इस संजीदा प्रस्तुति में तेज वाल्यूम में गीत ग़ज़ल का बजना भी खलल सरीखा रहा। संवाद अदायगी के अनुरूप बजाये गये गाने भी बहुत हल्के रखना उचित होता।
नाटक में अमायरा का कहां संवाद-
‘उम्र के एक पड़ाव पर मुहब्बत सेकेंडरी चीज़ बन जाती है।’ ये उस चरित्र के मुंह से निकला संवाद तो हो सकता है, पर संजीदा दर्शकों के लिए ये गहरे विश्लेषण का विषय भी है कि हम कहां खड़े हैं। अंत में यहां मुख्य अतिथि के तौर पर फिल्म समीक्षक कोमल नाहटा का यह कहना- ‘सबसे जोर से मैं ही हंस रहा था’ भी कहीं प्रस्तुति के मूल कथ्य में व्यवधान जैसा ही लगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button