मौसम से प्रभावित डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप में नोरगार्ड सबसे आगे; भारत के लिए चौहान का शानदार प्रदर्शन

लखनऊ : दिल्ली गोल्फ कोर्स में गुरूवार से शुरू हुयी डीपी वर्ल्ड चैंपियनशिप में डेनमार्क के निकलास नोरगार्ड ने पहले राउंड में आखिरी होल पर बर्डी लगाकर 66 (6-अंडर-पार) का स्कोर किया और क्लबहाउस में बढ़त बना ली। दिल्ली गोल्फ क्लब में, जहाँ फेयरवे काफी संकरे हैं और रफ (घास वाले कठिन हिस्से) काफी चुनौतीपूर्ण हैं, वहाँ आमतौर पर खिलाड़ी ड्राइवर का इस्तेमाल करने से बचते हैं।
नोरगार्ड को कड़ी टक्कर देने वालों में उत्तरी आयरलैंड के टॉम मैकिबिन, बेल्जियम के थॉमस डेट्री और स्पेन के यूजेनियो चाकारा शामिल हैं। स्पेन के चाकारा का भारत में पिछला प्रदर्शन शानदार रहा है, लेकिन आज आखिरी होल पर बोगी (एक शॉट ज्यादा लेना) लगने की वजह से वह संयुक्त रूप से बढ़त बनाने से चूक गए।
चार मिलियन अमेरिकी डॉलर इनामी राशि वाली इस चैंपियनशिप के पहले दिन आंधी-तूफान और बिजली कड़कने के कारण खेल को 4 घंटे 50 मिनट तक रोकना पड़ा। इस दौरान 24 मिमी बारिश भी हुई। हालाँकि, खेल फिर से शुरू होने पर दिल्ली गोल्फ क्लब की स्थिति काफी अच्छी रही।
भारतीय खिलाड़ियों में ओम प्रकाश चौहान (68) सबसे आगे रहे। वह चार-अंडर के स्कोर के साथ संयुक्त रूप से पांचवें स्थान पर रहे। उनके साथ इस स्थान पर स्कॉटलैंड के तीन खिलाड़ी – स्कॉट जैमिसन, इवेन फर्ग्यूसन और रॉबर्ट मैकिंटायर, तथा इंग्लैंड के मार्कस आर्मिटेज और पोलैंड के एड्रियन मेरॉन्क भी मौजूद हैं।
चौहान के बाद, दूसरे सबसे बेहतर भारतीय खिलाड़ी सप्तक तलवार (71) रहे, जो संयुक्त रूप से 29वें (T-29) स्थान पर हैं। उम्मीद के मुताबिक, सबकी नजरें बड़े नामों पर थीं और डिफेंडिंग चैंपियन टॉमी फ्लीटवुड (70) और छह बार के मेजर विजेता रॉरी मैकलिरॉय (70) दोनों ही T-13 स्थान पर रहे।
डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप के टाइटल स्पॉन्सर डीपी वर्ल्ड; प्लेटिनम स्पॉन्सर्स हीरो फिनकॉर्प, एएम ग्रीन और ब्लूमबर्ग आदि हैं।


