उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

अखंड भारत संकल्प दिवस के अवसर पर विहिप ने निकाली ‘रन फॉर वंदे मातरम् यात्रा’

नई दिल्ली : विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल द्वारा अखंड भारत संकल्प दिवस के अवसर पर ‘वंदे मातरम् यात्रा’ का आयोजन किया गया। यात्रा का शुभारंभ दक्षिणी दिल्ली के अमर कॉलोनी मार्केट से हुआ और लगभग 2.5 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए राधा-कृष्ण मंदिर, अमर कॉलोनी तक पहुँची। यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, सामाजिक व धार्मिक कार्यकर्ताओं एवं राष्ट्रभक्तों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रांत संगठन मंत्री  सुबोध चंद्र  ने विभाजन विभीषिका का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत के विभाजन ने समाज को गहरा दर्द दिया। उन्होंने अखंड भारत के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सनातन धर्म और संस्कृति की एकता के लिए सभी को एकजुट रहने का आह्वान किया।

विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता  विनोद बंसल ने विभाजन विभीषिका से पीड़ित परिवारों और विस्थापित लोगों के दर्द एवं संघर्ष को ना सिर्फ स्मरण किया अपितु वहां उपस्थित पीड़ितों के परिजनों की व्यथा कथा भी सुनी। उन्होंने कहा कि विभाजन की पीड़ा को भूलना नहीं चाहिए और अखंड भारत की सांस्कृतिक चेतना एवं महत्व को नई पीढ़ी तक पहुँचाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य से आज भी कुछ लोग वंदे मातरम के टुकड़े कर भारत के एक और विभाजन का दिवास्वप्न देख रहे हैं। हिंदू समाज और देश के राष्ट्र भक्त नागरिक उनका समय पर मुंहतोड़ जवाब देंगे।

जिला अध्यक्ष  करण कपूर  ने अखंड भारत की अवधारणा में सनातन संस्कृति की आत्मा और वंदे मातरम् के योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि मातृभूमि के प्रति सम्मान, राष्ट्रभाव और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है।

यात्रा का नेतृत्व जिला मंत्री  आशीष सूद तथा बजरंगदल के जिला संयोजक  अभिषेक ने संयुक्त रूप से किया तथा कार्यक्रम के अंत में विभाग अध्यक्ष  दीपक खन्ना  ने सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया।

यात्रा के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् एवं जय श्री राम के उद्घोष से पूरा वातावरण राष्ट्रभाव से ओत-प्रोत रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य विभाजन की ऐतिहासिक पीड़ा का स्मरण करते हुए राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक चेतना और अखंड भारत के संकल्प को मजबूत करना रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button