उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

आईआरएमएस (ट्रैफिक) अधिकारियों का दीक्षांत समारोह आईआरआईटीएम, लखनऊ में आयोजित

57 आईआरएमएस (ट्रैफिक) अधिकारी भारतीय रेल में शामिल

लखनऊ : रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान (आईआरआईटीएम), लखनऊ में आज 20 अगस्त 2026 को आईआरएमएस परिवीक्षाधीन अधिकारियों का विदाई समारोह आयोजित किया गया। यह समारोह संस्थान में उनके प्रशिक्षण के सफलतापूर्वक पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ रंजन प्रकाश ठाकुर, महानिदेशक, आईआरआईटीएम के सभागार में आगमन के साथ हुआ। पाठ्यक्रम निदेशक द्वारा मुख्य अतिथि का हार्दिक अभिनंदन किया इसके पश्चात दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ दीक्षांत समारोह की औपचारिक शुरुआत हुई।
इसके उपरांत  शिशिर सोमवंशी, डीन/आईआरआईटीएम द्वारा अधिकारी प्रशिक्षुओं को आईआरआईटीएम की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर अधिकारी प्रशिक्षुओं ने व्यावसायिकता, सत्यनिष्ठा तथा भारतीय रेल की समर्पित सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
पी.पी. लाठे, पाठ्यक्रम निदेशक द्वारा प्रशिक्षण रिपोर्ट प्रस्तुत की गई, जिसमें प्रशिक्षण कार्यक्रम के विभिन्न पहलुओं तथा अधिकारी प्रशिक्षुओं के सीखने के अनुभवों पर प्रकाश डाला गया।
संजय त्रिपाठी, अपर महानिदेशक, आईआरआईटीएम ने इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों को संबोधित किया तथा अधिकारी प्रशिक्षुओं के साथ अपने बहुमूल्य विचार एवं अनुभव साझा किए।  रंजन प्रकाश ठाकुर, महानिदेशक, आईआरआईटीएम ने उन्होंने आईआरएमएस अधिकारियों को प्रोत्साहित किया और उनके उज्ज्वल और सफल करियर की कामना की।
इस अवसर पर प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारी प्रशिक्षुओं को विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए। डॉ. आकांक्षा झा को महानिदेशक का सर्वश्रेष्ठ आईआरएमएस परिवीक्षाधीन प्रशिक्षु पुरस्कार प्रदान किया गया।  उत्कर्ष त्रिपाठी को एस्प्रीट डी कॉर्प्स (दल भावना) के लिए सम्मानित किया गया।  अभय दीप सिंह को सर्वश्रेष्ठ शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए पुरस्कार प्रदान किया गया।सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सुश्री आकांक्षा गुप्ता (महिला) एवं राजेश कुमार को सर्वश्रेष्ठ अधिकारी प्रशिक्षु के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसी प्रकार, खेलकूद गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए  पूर्णिमा सूदेन (महिला) एवं  भारत पाल सिंह को सर्वश्रेष्ठ अधिकारी प्रशिक्षु के रूप में सम्मानित किया गया।
समारोह का एक महत्वपूर्ण क्षण आईआरआईटीएम ध्वज का हस्तांतरण रहा। यह ध्वज संस्थान की परंपराओं, मूल्यों एवं विरासत को एक बैच से दूसरे बैच तक आगे बढ़ाने का प्रतीक है।
विदाई समारोह में आईआरआईटीएम के संकाय सदस्य एवं अधिकारी प्रशिक्षु उपस्थित रहे। यह समारोह अधिकारी प्रशिक्षुओं की व्यावसायिक यात्रा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव रहा तथा भारतीय रेल के लिए सक्षम, नैतिक एवं पेशेवर रूप से दक्ष अधिकारियों के विकास के प्रति आईआरआईटीएम की निरंतर प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button