एलडीए का अवैध निर्माणों पर कड़ा प्रहार
अमीनाबाद और हुसैनगंज में दो परिसर सील

लखनऊ। राजधानी में अवैध और अनधिकृत निर्माणों के विरुद्ध लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) का अभियान निरंतर जारी है। इसी क्रम में आज, 18 फरवरी 2026 को प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने शहर के दो प्रमुख क्षेत्रों हुसैनगंज और अमीनाबाद में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से निर्मित किए जा रहे परिसरों को पूरी तरह सील कर दिया।
प्राधिकरण के विहित प्राधिकारी द्वारा 24 जनवरी 2024 को जारी सीलिंग आदेशों के अनुपालन में, आज हुसैनगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत बिहारी लाल मार्ग, क्ले स्क्वायर पर बड़ी कार्रवाई की गई। यहाँ श्री विक्की व अन्य द्वारा किए जा रहे अवैध अनाधिकृत निर्माण को प्रवर्तन टीम ने पुलिस बल के सहयोग से सील कर दिया।
वहीं दूसरी ओर अमीनाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत गौतम बुद्ध मार्ग विद्यांत कॉलेज के पास स्थित भूखंड संख्या-39 पर भी प्राधिकरण की टीम ने छापेमारी की। यहाँ श्री फैजान व अन्य द्वारा नियमों को ताक पर रखकर किए जा रहे निर्माण कार्य पर रोक लगाते हुए परिसर को कुर्क सील कर दिया गया।
यह पूरी कार्रवाई उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 की धारा-28(क) के अंतर्गत की गई। इस अभियान का नेतृत्व सहायक अभियंता प्रवर्तन जोन-6, सतीश यादव ने किया। कार्रवाई के दौरान अवर अभियंता सुनील कुमार और सहायक अभियंता समेत प्राधिकरण का भारी पुलिस बल और स्टाफ मौके पर मौजूद रहा, ताकि किसी भी प्रकार के विरोध की स्थिति से निपटा जा सके।
एलडीए अधिकारियों के अनुसार शहर में बिना मानचित्र स्वीकृत कराए या स्वीकृत मानचित्र के विपरीत किए जा रहे किसी भी निर्माण को बख्शा नहीं जाएगा। आने वाले दिनों में जोन-6 के अन्य अवैध निर्माणों पर भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई की योजना है।



