इज़हार अहमद शाह ने बसपा छोड़कर राष्ट्रीय लोक दल का थामा दामन

लखनऊ : बहुजन समाज पार्टी के क़द्दावर मुस्लिम नेता इज़हार अहमद शाह ने आज बसपा से इस्तीफ़ा देते हुए राष्ट्रीय लोकदल के दिल्ली कार्यालय पर केंद्रीय राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार व रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह के हाथों पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण करते हुए मायावती तथा उनकी पार्टी को सदा के लिए अलविदा कह दिया।
श्री शाह का परिवार कई दशकों से बहराइच व देवीपाटन मंडल की राजनीति का केंद्र बिंदु रहा है । इज़हार अहमद शाह वर्ष 2006 से सक्रिय राजनीति में हैं और बसपा के टिकट से माटा विधानसभा से चुनाव भी लड़ चुके हैं साथ ही बहुजन समाज पार्टी में कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं उनका उस क्षेत्र में न केवल जनाधार है बल्कि वह उस क्षेत्र में बसपा को भारी नुक़सान भी पहुँचा सकते हैं।
राष्ट्रीय लोक दल को इस क्षेत्र में एक मज़बूत चेहरे की काफ़ी लंबे समय से तलाश थी इज़हार अहमद वह चेहरा बन सकते हैं ।

बसपा नेता इज़हार अहमद शाह को सदस्यता ग्रहण कराते राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह साथ में राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी व राष्ट्रीय सचिव अनुपम मिश्रा
ग़ौरतलब है कि पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अनुपम मिश्रा ने यह सदस्यता कराई है जो कि भारी राजनैतिक फेरबदल के संकेत देती हैं।
अनुपम मिश्रा पिछले कई माह से पार्टी को संगठनात्मक मज़बूती देने के साथ साथ विभिन्न दलों के नेताओं की पार्टी में ताबड़-तोड़ ज्वाइनिंग भी करा रहे हैं।अनुपम मिश्रा ने कहा कि वह पार्टी को पूर्वांचल व देवीपाटन मंडल के क्षेत्र में मज़बूत करने पर फ़िलहाल ध्यान केंद्रित कर रहे हैं और उन्हें ऐसे चेहरों की तलाश है जो साफ़ सुथरे व बेहतर राजनीति के पक्षधर हो।



