उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

विकट हालात में भी सरकार अपने आंख-कान बंद किये बैठी है : अनिल दुबे

लखनऊ। राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल दुबे ने कहा कि उ.प्र. के दो दर्जन से अधिक जनपदों में भारी बारिश व बाढ़ के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है बड़े पैमाने पर जान माल व पशु धन की हानि हुयी है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के मकान गिर गये हैं और किसानों की फसलें बर्बाद हो गयी हैं। बाढ़ के कारण हालात काफी खराब और स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. ऐसे विकट हालात में भी सरकार अपने आंख-कान बंद किये बैठी है और पीड़ित परिवार के साथ ईमानदारी के साथ मदद नहीं हो रही है। श्री दुबे प्रदेश के मुख्यमंत्री से बाढ़ प्रभावित जनपदों में युद्धस्तर पर मदद करने की मांग की है।
आज जारी बयान में श्री दुबे ने कहा कि बारिश से उ0प्र0 में बाढ़ आई है और किसानों का खासा नुकसान भी हुआ है और आगे भी स्थानों पर नुकसान हो सकता है। प्रदेश के कई जनपदों में बाढ़ ने विकराल रूप धारण कर लिया है जिससे गांव के गांव उजड़ गये है तथा किसानों की लहलहाती फसल बाढ़ की चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गयी है लेकिन प्रशासन मूक बाधिर बना तमाशा देख रहा हैं। उन्होंने कहा कि सूखे की मार का दंश झेल रहा किसान अभी उससे उबर ही नही पाया था कि बाढ़ के प्रकोप ने उसकी फसल को बर्बाद कर दिया है जिससे उसकी कमर टूट गयी है। बाढ़ प्रभावित जिलों में बर्बादी का मंजर छाया हुआ है लेकिन स्थानीय प्रशासन सिर्फ बाढ़ से निपटने का खोखला दावा कर रहा है धरातल पर कुछ नहीं हो रहा है।
श्री दुबे ने कहा कि गोंडा, बहराइच, सीतापुर, लखीमपुर, बलरामपुर, बरेली, पीलीभीत, बाराबंकी, आजमगढ़, संतकबीरनगर, देवरिया, शाहजहांपुर, अयोध्या, मऊ अम्बेडकरनगर, महाराजगंज तथा कुशीनगर में बाढ़ का प्रकोप बढ़ता जा रहा है और प्रदेश सरकार की तरफ से कोई भी पुख्ता इंतजाम नहीं किये जा रहे हैं। बस्ती, संतकबीर नगर तथा देवरिया जनपद में घाघरा नदी खतरे के निशान के ऊपर बह रही है जिससे दर्जनों गांवों में पानी घुसने से लोग पलायन कर रहे हैं इसी तरह बहराइच के आधा दर्जन गांव कटान के निशान पर हैं दर्जनों मकान और सैकड़ों बीघा जमीन नदी में समा गई, कई जगहों पर आवागमन अवरुद्ध हो गया वहीं पश्चिमी उत्तर के मुजफ्फरनगर, मेरठ, हापुड, बुलंदशहर में भारी बारिश होने का येलो एलर्ट जारी किया गया है। नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। शामली में खतरे के निशान के ऊपर बह रही यमुना नदी के चलते सहपत में तटबंध टूट गया है। कैराना यमुना ब्रिज पर जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है। बिजनौर, हापुड़ और सहारनपुर में भी बाढ़ के हालात बने हुये हैं लेकिन सरकारी मशीनरी राहत एवं बचाव कार्य के नाम पर सिर्फ हीलाहवाली कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष प्रदेश के किसानों को बाढ़ से काफी नुकसान होता है लेकिन सरकार बाढ़ से निपटने के लिए कोई भी ठोस उपाय नहीं करती है। जिलों के वरिष्ठ अधिकारी केवल हाथ पर हाथ रखकर बाढ़ से हो रही त्रासदी का तमाशा देख रहे हैं।
श्री दुबे ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि आपदा से प्रभावित लोगों की मदद के लिए सम्बन्धित जनपदों के अधिकारियों को युद्धस्तर पर जमीनी राहत पहुंचाने के कड़े निर्देश जारी करे और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराने हेतु बाढ़ प्रभावित जिलों में एक बाढ़ कंट्रोल रूम के तहत विशेष अधिकारियों की एक टीम गठित कराये जिससे लोगों को बाढ़ से निजात दिलाने में सहायता मिल सके। उन्होंने बाढ से हुए नुकसान का सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button