टिकट चेकिंग कर्मचारियों ने प्रस्तुत किया प्रतिबद्ध एवं अनुकरणीय कार्यशैली का अप्रतिम उदाहरण
मंडल के चार टिकट चेकिंग कर्मी हुए करोड़पति क्लब में शामिल

लखनऊ : अपने अधिकृत यात्रियों की सुगम एवं आरामदायक यात्रा की दिशा में सतत प्रयत्नशील उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल द्वारा निरंतर अपने सर्वोत्तम प्रयास किये जा रहे हैं I मण्डल रेल प्रबंधक, श्री सुरेश कुमार सपरा के कुशल मार्गदर्शन में एक सुनियोजित कार्यपद्धति का अनुसरण करते हुए वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबंधक, श्रीमती रेखा शर्मा के दिशा निर्देश पर लखनऊ मण्डल में अनियमित एवं बिना टिकट यात्रियों के विरुद्ध विभिन्न प्रकार के टिकट चेकिंग अभियानों को नियमित रूप से संचालित किया जा रहा है I

उल्लेखनीय है कि इन टिकट चेकिंग अभियानों में जांच के द्वारा मंडल द्वारा वर्तमान वित्तीय वर्ष 2022-23 में माह फरवरी-23 तक कुल 62.94 करोड़ रूपए के रेल राजस्व का अर्जन किया गया ,जोकि अपने निर्धारित लक्ष्य से 46.20 % अधिक रही एवं विगत वित्तीय वर्ष 2021-22 से 67.89% अधिक रही I उल्लेखनीय है कि मंडल के चार टिकट चेकिंग कर्मियों (03 कर्मचारी वाराणसी जं.(कैंट) एवं 01 कर्मचारी लखनऊ) ने माह फरवरी 2023 तक प्रति व्यक्ति एक करोड़ से अधिक की रेल आय का अर्जन किया एवं करोड़पति क्लब में शामिल हुए I इन कर्मचारियों का विवरण निम्नवत हैं:-
SN कर्मचारी का नाम पदनाम/ स्टेशन केस आय
1. श्री महेश कुमार यादव सी टीआई/ वाराणसी 19,990 ₹ 1,60,45,120/-
2. श्री श्याम बिहारी यादव एसटीई/ वाराणसी 17,324 ₹ 1,31,50,430/-
3. श्री जितेन्द्र कुमार टीटीआई/ वाराणसी 12,815 ₹ 1,03,14,355/-
4. श्री पी. के भसीन सीटी.आई/ लखनऊ 12,394 ₹ 1,00,00,060/-
मंडल रेल प्रबंधक, श्री सुरेश कुमार सपरा ने इस उल्लेखनीय उपलब्धि हेतु मंडल की वाणिज्य शाखा के टिकट चेकिंग अनुभाग की प्रशंसा करते हुए अपनी बधाई दी एवं एक करोड़ से अधिक रेल आय अर्जित करने वाले कर्मचारियों की सराहना करते उनको अपनी शुभकामनाएं दीं तथा अन्य चेकिंग कर्मियों से भी इसी प्रकार की कार्यशैली का अनुसरण करते हुए कार्य करने की अपेक्षा की I उन्होंने इस विषय में अवगत कराया कि मंडल अपने अधिकृत एवं नियमित यात्रियों की आरामदायक एवं सुगम यात्रा के प्रति पूर्ण प्रतिबद्धता से समर्पित रहते हुए इस दिशा में निरंतर अपनी सर्वोच्च सेवाओं के साथ प्रयत्नशील रहता है तथा टिकट चेकिंग संबंधी गतिविधियाँ एवं विभिन्न जाँच अभियान भी इसी दिशा के प्रमुख अंग है ई

उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल अपने सभी सम्मानित रेल यात्रियों से अपील करता है कि असुविधा से बचने और सम्मान के साथ यात्रा करने के लिए उचित और वैध रेलवे टिकट के साथ यात्रा करें |




