अन्य खबरउत्तर-प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

हर स्तर पर भाजपा को हराना प्रथम लक्ष्य: वाम जनवादी शक्तियों को एकजुट करेगी भाकपा

उरई में जिला काउंसिल बैठक में पार्टी संगठन को मजबूत करने का आह्वान

उरई :भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के वरिष्ठ सदस्य और पूर्व राज्य सचिव डा. गिरीश ने कहा कि अमेरिका द्वारा दुनियां में धौंस जमाने, धौंस जमाने को फौजी अड्डे बनाने , अमेरिकी प्रभुत्व वाले सैन्य संगठन “नाटो” का विस्तार करने तथा अपने हथियारों की बिक्री बढ़ाने को पैदा किये गए तनाव के चलते आज दुनियां तीसरे विश्व युध्द के मुहाने पर पहुंच चुकी है। यदि आज तीसरा विश्वयुध्द हुआ तो वह भयावह एटमी युध्द होगा और दुनियां का चप्पा चप्पा तवाह हो जायेगा। युध्द को हर हालत में रोका जाना चाहिए।

डा. गिरीश रविवार 6 नवंबर को भाकपा की जिला काउंसिल की विस्तारित बैठक को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि मीडिया आज रूस और यूक्रेन में चल रहे युध्द और दुनियां में नित रोज खड़े हो रहे तनाव क्षेत्रों के बारे में सच्चाई सामने लाने के बजाये अमेरिका की साजिशों पर पर्दा डालने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि अमेरिका की इन विस्तारवादी और युध्दोंन्मादी कार्यवाहियों को रोकने के लिए विश्व में जनमत जाग्रत करने की आवश्यकता है। भारत सरकार को भी अमेरिकी कार्यवाहियों और नीतियों की खुल कर निन्दा करनी चाहिए और युध्द रोकने और शान्ति स्थापना के लिये कारगर प्रयास करने चाहिये।


डा. गिरीश ने कहा कि भाजपा की डबल इंजिन वाली सरकार जनता के लिए डबल मुसीबत बन गई है। एक ओर जनता की दुश्वारियां सारी सीमाएं लांघ रही हैं तो दूसरी तरफ केन्द्र और राज्य सरकार इन समस्याओं की मुजरिमाना अनदेखी कर रही हैं।
आज हालात ये हैं कि समाज का हर तबका मुसीबतों से जूझ रहा है और सरकार करोड़ों रुपये खर्च कर लाखों दीपक जलाने में मस्त है।
पहले सूखा और फिर ताबड़तोड़ बारिश से प्रदेश में किसानों की फसलें नष्ट हो गई और मुआबजे के नाम पर उन्हें फूटी कौड़ी नहीं दी गयी। अम्बानी अदानी की शैतानी सरकार ने यह कह कर हाथ झाड़ लिये कि 35 प्रतिशत से कम हानि का मुआबजा नहीं दिया जाता। आखिर यह किसने तय किया, उसी सरकार ने न जिसने पूंजीपतियों को अरबों रुपए के राहत पैकेज जारी किए और बैंकों का उन पर अपार बकाया बट्टे खाते में डाल दिया।

मजदूर और नौजवान बेरोजगारी, कम वेतन, रोजगार असुरक्षा और पलायन के दंश को झेल रहे हैं और कई तो हताश हो आत्महत्या कर लेते हैं। निश्चय ही यह सरकार पूंजीपति और कारपोरेट घरानों की पोषक (प्रमोटर) है और किसानों कामगारों के लिए बुलडोजर है।
डा. गिरीश ने कहा कि अर्थव्यवस्था औंधे मुंह पड़ी हुई है। विकास ठिठक गया है। महंगाई सातवें आसमान पर है और रुपया अधःतम हालत तक पहुंच गया है। आये दिन उद्योग मेले लगाने और पूंजीपति वर्ग को तमाम सुविधाएं दिये जाने के बावजूद प्रदेश में औद्योगिक विकास शून्य ही नहीं नकारात्मक है। पूर्व की सरकारों द्वारा खड़े किये गए सार्वजनिक उद्यम पूंजीपतियों को बेचे जा रहे हैं और पूंजीपति अपने पुराने उद्योगों को बेच कर टैक्सों व अन्य जिम्मेदारियों से बच रहे हैं। बेरोजगारी बड़ा रहे हैं।
उन्होंने कहा समूचे उत्तर प्रदेश में रासायनिक खादों के लिये त्राहि त्राहि मची है। किसान फसलें नहीं बो पा रहे। मच्छरजनित व प्रदूषण जन्य बीमारियों से लोग हलकान हैं और सरकार के खोखले दावे जनता के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसे हैं।


उन्होंने कहा कि न तो भ्रष्टाचार रुक रहा है न जघन्य आपराधिक बारदातें। भ्रष्टाचार की परतें आये दिन उघड़ रहीं हैं। सरकार उन पर जांच बैठा कर कर्तव्य की इतिश्री कर देती है। जघन्य अपराध व बारदातें होने पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री जी के संज्ञान लेने का ढिंढोरा पीटा जाता है मगर रोकथाम की कार्यवाही की नहीं जाती। की भी कैसे जाये- सारे भ्रष्टाचारियों और अपराधियों ने भाजपा में जड़ें जमा ली हैं तथा ईडी आईटी सीबीआई और बुलडोजर विपक्षियों के पीछे पड़े हैं।
जनता त्राहि त्राहि कर रही है और उसे आस्था के दोहन, धर्म, जाति और सांप्रदायिकता में उलझा कर छला जा रहा है।
डा. गिरीश ने बताया कि हाल ही में विजयवाड़ा में संपन्न भाकपा के 24 वें राष्ट्रीय महाधिवेशन में पारित प्रस्ताव में भाजपा की सत्ता के आगे जारी रहने को देश व जनता के लिए खतरनाक बताया गया है। उसे संपूर्णतः सत्ता से बेदखल करने को वामपंथी धर्मनिरपेक्ष लोकतांत्रिक शक्तियों को एकजुट करने और जनता की समस्याओं पर अपने स्तर से व संयुक्त आंदोलन चलाने पर जोर दिया गया है। भाकपा दोनों उद्देश्यों के लिए शीघ्र ठोस प्रयास करते हुए दिखायी देगी।
बैठक की अध्यक्षता राज्य कंट्रोल कमीशन सदस्य कामरेड सुधीर अवस्थी तथा संचालन राज्य काउंसिल सदस्य कामरेड गिरेन्द्र सिंह ने किया। जिला सचिव कामरेड विनय पाठक ने शाखाओं व जन संगठनों को सक्रिय करने की रूपरेखा प्रस्तुत की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button