मन को शक्तिशाली बनाने के लिए उसका शुद्ध होना आवश्यक है: ब्रह्माकुमारी शिवानी

लखनऊ. दुनिया भर में आध्यात्मिकता की अलख जगाने वाली एवं सकारात्मक विचारों के प्रति विश्व भर में जन जागृति अभियान चलाने वाली प्रेसिडेंट अवार्ड प्राप्त ब्रह्माकुमारी शिवानी दीदी शुक्रवार 4 नवंबर को नवाबों की नगरी लखनऊ में ही थीं. उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र की प्रेरणा एवं आमंत्रण पर सुबह, विधानसभा के लोक भवन में ‘संकल्प से सिद्धि’ विषय पर शिवानी जी ने व्याख्यान दिया.

उन्होंने कहा कि संकल्प शुद्धि तन, मन, संबंध और कार्यक्षेत्र में विधि से ही सिद्धि प्राप्त होती है. हमारे संकल्पों में शक्ति तभी भरती है जब हमारा मन और बुद्धि एकमत होकर पूर्ण शक्ति के साथ अपने संकल्प रचता है. एक शक्तिशाली मन ही शक्तिशाली संकल्प कर सकता है. मन को शक्तिशाली बनाने के लिए उसका शुद्ध होना आवश्यक है. जो संकल्प हम बार-बार करेंगे वही सिद्ध हो जाएंगे, तो हमें यह निर्णय खुद करना है कि हमें सकारात्मक संकल्प करने हैं या नेगेटिव. अपने कलवा के आधार पर अपना भाग्य हम बना सकते हैं संकल्प से सृष्टि, संकल्प से संस्कार बनते. क्रोध एवं दूसरों के बारे में नेगेटिव बात बोलना हमारे आस पास के वायुमंडल और स्वयं के वाइब्रेशंस को नीचे ले आते हैं.

उन्होंने भारत को विश्व गुरु बनने का रास्ता दिखाते हुए कहा कि यदि हम अपने घर में अपने संकल्पों की शुद्धि करके प्रकाश करते हैं, अपने घर का ऐसा माहौल बनाते हैं कि वहां कोई भी आए तो उसे आराम और सुकून का एहसास हो. ऐसे ही एक एक घर से मोहल्ला, पूरा समाज, राज्य फिर धीरे-धीरे हम पूरे देश में ऐसा प्रकाशमय वातावरण बना सकते हैं कि भारत स्वर्णिम भारत बनकर पूरे विश्व को अध्यात्म की राह दिखा सके. राजयोग के माध्यम से हम अपने मन में आने वाले व्यवधानों जैसे काम, क्रोध, ईर्ष्या, प्रतिस्पर्था आदि से दूर रहते हुए, शुद्ध संकल्पों पर पूरी शक्ति और एकाग्रता के साथ कार्य कर सकते हैं. ज्ञातव्य हो कि यह ‘कार्य क्षमता वृद्धि व्याख्यान माला’ में दिया गया शिवानी दीदी वाला दूसरा व्याख्यान है.

इसके पश्चात् सांयकाल ब्रह्माकुमारीज गोमती नगर एवं दयाल ग्रुप ऑफ कंपनीज के संयुक्त प्रयासों द्वारा सुशांत गोल्फ सिटी, दयालबाग हाल में ब्रह्माकुमारी शिवानी दीदी ने ‘अध्यात्म के द्वारा अनिश्चिता पर विजय’ विषय पर बोलते हुए कहा कि आज चारों ओर वैश्विक सामाजिक, राज्य या व्यक्तिगत स्तर पर अनिश्चितता और भय का वातावरण है. पूरे विश्व पर युद्ध की भीषण त्रासदी , महंगाई, महामारियों एवं भूखमरी के काले बादल लहरा रहे हैं. आजकल छोटे-छोटे बच्चों में भी एंजाइटी अटैक व अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है, लोग तरह-तरह की मानसिक बीमारियों का सामना कर रहे हैं. इस दुख एवं तनाव भरे माहौल में आध्यात्मिकता ही एक ऐसा सहारा है जिससे हम अपने जीवन में निश्चिंता का अनुभव कर सकते हैं. हमें यह चेक करना है कि परिस्थिति ज्यादा शक्तिशाली है या मेरे मन की स्थिति. मन की की स्थिति से हम बाहर के परिस्थिति पर सहज ही विजय प्राप्त कर सकते हैं. बाहर का दृश्य चाहे कैसा भी हो लेकिन अंदर उस खेल को खेलने वाला खिलाड़ी हमेशा मस्त और मनोरंजन के साथ उस खेल को खेल सकता है. जरूरत है तो स्वयं के अंदर के उस खिलाड़ी, अपनी आत्मा को पहचानने, जगाने की और उसकी शक्तियों को अनुभव करने की. राजयोग के माध्यम से शक्तिशाली बनी हुई आत्मा, अंदर साक्षी दृष्टा की सीट पर सेट होकर बाहर आने वाली प्रत्येक परिस्थिति को परिवर्तित करने की क्षमता रखती है. यह आध्यात्मिक ऊर्जा इतनी शक्तिशाली है कि आप कभी खुशी कभी गम के झूले से उतर, हमेशा एकरस रहते हुए खुशियों के झूले में झूलते रहते हैं, स्वयं को हमेशा हल्का और ऊर्जावान महसूस करते हैं. बाहर की कोई भी परिस्थिति कागज के शेर के समान दिखाई देती है.

शिवानी दीदी का स्वागत दयाल ग्रुप आफ कंपनीज के अध्यक्ष श्री राजेश सिंह जी द्वारा किया गया. कार्यक्रम का समापन राजयोगिनी ब्रम्हाकुमारी राधा दीदी के धन्यवाद संभाष के साथ हुआ.



