उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

मूर्ति विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा: हाईटेंशन लाइन की चपेट में आई ट्रैक्टर-ट्रॉली, 3 की मौत व कई झुलसे

अस्पताल में भर्ती: गंभीर रूप से झुलसे लोगों को इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज के नेहरू अस्पताल में कराया गया भर्ती

गोरखपुर। गुलरिहा थाना क्षेत्र के रजही चौराहे के पास बुधवार शाम दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा हो गया। नाचते-गाते विसर्जन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक 11,000 वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई। करंट की चपेट में आने से तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि करीब 10 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। इस हादसे के बाद विसर्जन जुलूस की खुशियां पल भर में चीख-पुकार और मातम में बदल गईं।

हादसे में जान गंवाने वाले तीनों मृतक एक ही परिवार से थे, जिनकी पहचान लकी (उम्र 17 वर्ष) पुत्र राम मिलन चौहान, विक्की (उम्र 18 वर्ष) पुत्र राम मिलन चौहान (दोनों सगे भाई) और उनके मौसेरे भाई चंदन (उम्र 21 वर्ष) पुत्र झिनक चौहान के रूप में हुई है। यह सभी मृतक गुलरिहा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम जंगल अयोध्या प्रसाद (चौहान टोला / रजही चौराहा) के रहने वाले थे।
मिली जानकारी के अनुसार, जंगल अयोध्या प्रसाद के चौहान टोला से लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली पर मां दुर्गा की प्रतिमा लेकर विसर्जन के लिए निकले थे। शाम करीब 5 बजे जैसे ही जुलूस रजही चौराहे के पास पहुंचा, ट्रॉली पर लगे डीजे सेटअप का लोहे का पाइप ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से छू गया। तार टकराते ही पूरी ट्रॉली में करंट दौड़ गया और उस पर सवार लोग झुलसने लगे।
स्थानीय लोगों और पुलिस टीम ने तत्काल बिजली कटवाई और आनन-फानन में झुलसे हुए लोगों को बीआरडी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तीन को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में दो सगे भाई और उनका एक मौसेरा भाई शामिल बताया जा रहा है, जिससे पीड़ित परिवारों में कोहराम मच गया है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने में जुटे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button