दिल्ली सरकार के कॉलेजों में भी शिक्षकों की स्थाई नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करें : प्रो. सुमन
डूटा के आहृवान पर अरबिंदो कॉलेज के शिक्षकों ने धरना दिया

नई दिल्ली : दिल्ली विश्वविद्यालय शिक्षक संघ ( डूटा ) के आहृवान पर दिल्ली विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी कॉलेजों की स्टाफ एसोसिएशन ने अपने – अपने कॉलेजों में धरना दिया । शिक्षकों ने अपने सम्मान और अधिकारों लिए एकजुटता दिखाई । अरबिंदो कॉलेज स्टाफ एसोसिएशन ने बृहस्पतिवार को सुबह 11बजे से दोपहर 2 बजे तक कॉलेज प्रांगण में धरना – प्रदर्शन किया । कॉलेज में 11 बजे के बाद कक्षाएं नहीं लगी ।
धरने में सभी शिक्षकों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। तीन घंटे तक चले धरने प्रदर्शन में शिक्षकों ने जमकर नारेबाजी की । बता दें कि डूटा ने यह धरना दिल्ली सरकार से पूर्ण वित्त पोषित 12 कॉलेजों में शिक्षकों की स्थाई नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने की मांग को लेकर सभी कॉलेजों की स्टाफ एसोसिएशन को निर्देश दिए थे कि वह अपने – अपने कॉलेजों में धरना प्रदर्शन करें । धरने को अनेक शिक्षकों ने संबोधित किया इनमें डॉ.आदित्य नारायण मिश्रा , प्रोफेसर हंसराज सुमन प्रो. प्रमोद कुमार , डॉ. प्रशांत बर्थवाल , प्रो. विपिन मल्होत्रा , प्रो. नमिता राजपूत , डॉ. नरपत राज नैनीवाल , डॉ. दिनेश मीणा , डॉ. रौनक पाठक , डॉ. सिल्की जैन , डॉ. दिनेश कुमार आदि उपस्थित रहे।
दिल्ली विश्वविद्यालय की विद्वत परिषद के पूर्व सदस्य व अरबिंदो कॉलेज में प्रोफेसर हंसराज सुमन ने बताया है कि आज का यह धरना दिल्ली सरकार द्वारा वित्त पोषित 12 कॉलेजों में दीर्घकालिक सेवारत तदर्थ/अस्थायी शिक्षकों का नियमितीकरण/समायोजन करने , स्थाई नियुक्ति के बाद पदोन्नति के लिए संपूर्ण पूर्व सेवा अवधि को जोड़ना , एम.फिल./पीएच.डी. वेतन वृद्धि की बहाली , दिल्ली विश्वविद्यालय के कॉलेजों में शिक्षण पदों का शॉर्टफाल / बैकलॉग और प्रिंसिपल पदों पर आरक्षण नीति लागू कर नियुक्ति करना , नियुक्तियों और पदोन्नति के लिए चयन मानदंड और सहकर्मी-समीक्षित पत्रिकाओं को शामिल करना। कॉलेजों के शिक्षण और गैर-शिक्षण कर्मचारियों के लिए डब्ल्यूयूएस स्वास्थ्य केंद्र की सुविधाएं प्रदान करना आदि मांगों को लेकर यह धरना दिया गया । प्रोफेसर हंसराज सुमन ने कहा कि जिस प्रकार से पिछले तीन वर्षों में विभिन्न कॉलेजों में 5500 सहायक प्रोफेसर की स्थाई नियुक्ति हुई है उसको ध्यान में रखते हुए , उसी तरीके से नियुक्ति की जाए । लंबे समय से कार्यरत्त शिक्षकों का समायोजन किया जाए । उन्होंने दीपावली के बाद दिल्ली सरकार के कॉलेजों में भी स्थाई नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कराने की मांग दिल्ली की मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री से की है ।
धरना -प्रदर्शन के बाद अरबिंदो कॉलेज स्टाफ एसोसिएशन के सदस्यों डॉ.सिल्की जैन , रौनक पाठक , डॉ.विजित कुमार , डॉ.दिनेश मीणा ने डूटा की मांग का पूर्ण समर्थन करते हुए कहा कि हम दिल्ली सरकार से पूर्ण वित्त पोषित 12 कॉलेजों के शिक्षकों में जल्द से जल्द स्थाई नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कराने से पूर्व इन कॉलेजों में सरकार गवर्निंग बॉडी के सदस्यों के नाम भेजे। इन कॉलेजों का रोस्टर रजिस्टर तैयार करके विश्वविद्यालय प्रशासन से पास कराकर सभी वर्गों को उचित प्रतिनिधित्व दे , साथ ही जो लंबे समय से पढ़ा रहे हैं उन्हें वहीं पर समायोजन करें , साथ ही नियुक्ति व पदोन्नति में तदर्थ, अस्थाई सर्विस को पूरा जोड़ा जाए ।



