स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत यात्रियों को स्वच्छता के प्रति किया जागरूक

लखनऊ : उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल में स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत 13 अक्टूबर, 2026 को अयोध्या धाम, अयोध्या कैंट, लखनऊ, वाराणसी जं , अमेठी, बाराबंकी एवं आलमनगर सहित विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षकों (CHIs) के नेतृत्व में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए जिसमें यात्रियों, फूड वेंडरों और अन्य स्टाफ को कचरे के उचित निस्तारण के प्रति जागरूक किया गया।
इस दौरान यात्रियों को चार रंगों वाले डस्टबिन के सही उपयोग, कचरे को स्रोत पर ही अलग-अलग रखने तथा उसके उचित निस्तारण के बारे में जानकारी दी गई। यात्रियों को बताया गया कि गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में डालने से कचरे का बेहतर प्रबंधन किया जा सकता है। साथ ही, रेलवे परिसर में गंदगी न फैलाने और स्टेशन की स्वच्छता बनाए रखने में रेल प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।
इस अभियान का उद्देश्य यात्रियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें स्वच्छता संबंधी अच्छी आदतें अपनाने के लिए प्रेरित करना है। रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों से अपील की गई कि वे रेलवे स्टेशनों को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाए रखने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।



