उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

सेवा ज्योति यात्रा में गूंजा राष्ट्रसेवा का संकल्प, मुख्यमंत्री योगी ने गिनाईं पीएम मोदी की 25 वर्षों की उपलब्धियां

लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के गौरवशाली सार्वजनिक जीवन एवं राष्ट्रसेवा की निरंतर यात्रा के उपलक्ष्य में बुधवार को हजरतगंज स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर आयोजित ‘सेवा ज्योति यात्रा’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए परिवर्तन और विकास की विस्तार से चर्चा की।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक,कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद एवं भाजपा उत्तर प्रदेश की सह-प्रभारी श्रीमती मेधा कुलकर्णी, भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, प्रदेश उपाध्यक्ष बृज बहादुर, प्रदेश मंत्री अनिल यादव, जिला प्रभारी सौरभ मिश्रा, जिलाध्यक्ष विजय मौर्य, विधान परिषद सदस्य महेंद्र सिंह, लालजी प्रसाद निर्मल, अरुण पाठक, बृज बहादुर पाठक, पवन सिंह चौहान,विधायक पंकज सिंह, डॉ. नीरज बोरा, योगेश शुक्ला सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली थी। उस समय गुजरात गंभीर प्राकृतिक आपदा और अनेक चुनौतियों से जूझ रहा था। ऐसी विषम परिस्थितियों में दायित्व संभालते हुए नरेंद्र मोदी ने गुजरात के पुनर्निर्माण और विकास की जो यात्रा शुरू की, उसने आगे चलकर गुजरात को देश-दुनिया के सामने एक मॉडल स्टेट के रूप में स्थापित किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने दुनिया के सामने एक सशक्त, समर्थ और आत्मविश्वासी राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बनाई है। यह यात्रा केवल सत्ता परिवर्तन की नहीं, बल्कि ‘गांव से ग्लोबल’ और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को साकार करने की यात्रा है।

युवाओं, किसानों और गरीबों को मिला नया संबल

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में युवाओं के लिए रोजगार, नौकरी और स्वरोजगार के नए अवसर तैयार हुए हैं। स्टार्टअप इंडिया जैसे प्रयासों ने युवाओं को नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बनने का अवसर दिया है। गरीबों के लिए आवास, राशन, रसोई गैस सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचा है।

उन्होंने कहा कि जनधन खातों और डिजिटल इंडिया को लेकर कभी सवाल उठाए जाते थे, लेकिन आज यही व्यवस्था डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे गरीब, महिला, किसान, युवा और श्रमिक के बैंक खाते तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनी है।

‘एक जिला, एक माफिया’ से ‘एक जिला, एक मेडिकल कॉलेज’ तक बदला यूपी

उत्तर प्रदेश में हुए बदलाव का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय प्रदेश की पहचान ‘एक जिला, एक माफिया’ जैसी स्थिति से होती थी, लेकिन आज उत्तर प्रदेश ‘एक जिला, एक मेडिकल कॉलेज’, ‘एक जिला, एक उत्पाद’ और अन्य विकासोन्मुखी योजनाओं के माध्यम से नई पहचान बना रहा है। इन योजनाओं से स्थानीय स्तर पर रोजगार और निवेश की संभावनाएं बढ़ी हैं।

रेल, एयर कनेक्टिविटी से सेमीकंडक्टर और रक्षा उत्पादन तक आत्मनिर्भर भारत

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश में रेलवे, एक्सप्रेसवे और एयर कनेक्टिविटी का तेजी से विस्तार हुआ है। वंदे भारत, अमृत भारत, नमो भारत और डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर जैसी परियोजनाओं ने देश की परिवहन व्यवस्था को नई गति दी है। वहीं सेमीकंडक्टर और रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि जिस भारत को कभी रक्षा उपकरणों और तकनीक के लिए दूसरे देशों पर निर्भर रहना पड़ता था, वही भारत आज बड़े पैमाने पर रक्षा उपकरणों का निर्माण कर रहा है और अपने रक्षा उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

‘सबका साथ, सबका विकास’ को मिली नई दिशा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना को जमीन पर उतारने का कार्य किया है। स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में एम्स, आईआईटी और आईआईएम जैसी संस्थाओं का विस्तार हुआ है। युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए शिक्षा, कौशल, रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर तैयार किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, संकल्प, साधना और राष्ट्र निर्माण की ऐसी यात्रा हैं, जिसने भारत के प्रति दुनिया का नजरिया बदला है। आज देश के भीतर आत्मविश्वास और दुनिया में भारत के प्रति विश्वास दोनों मजबूत हुए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button