सिंदूर से किया अभिषेक, तो गणेश बरसाते हैं कृपा अनेक
मनौतियों के राजा के दरबार में वॉयस ऑफ इंडिया के विजेता ने मचाया धमाल

लखनऊ । श्री गणेश प्राकट्य कमेटी के तत्वावधान में झूलेलाल वाटिका, हनुमान सेतु के पास चल रहे मनौतियों के राजा गणेशोत्सव में रविवार को आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह मनौतियों के राजा का सहस्त्र नामों के साथ भव्य सिंदूराभिषेक हुआ।अयोध्या और बनारस से आए आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न कराई। भक्तों ने बारी-बारी से बप्पा को सिंदूर अर्पित किया और फिर उसी सिंदूर को अपने माथे पर लगाया। पंडाल में एक ही स्वर गूंज रहा था – _”सिंदूर से करते हैं अभिषेक, श्री गणेश कृपा करते हैं अनेक।” पूजन में संरक्षक भारत भूषण गुप्ता, अध्यक्ष घनश्याम अग्रवाल, पार्षद रंजीत सिंह, जय करन सिंह, अखिलेश बंसल, संजय सिंह गांधी, गोपाल अग्रवाल, सुधांशु बाथम तथा महिलाओं में संध्या बंसल, उषा अग्रवाल, रुक्मणी अग्रवाल, अंशु बंसल, विमी बंसल, नेहा बंसल, नीरजा सिंह, अंजू गुप्ता, अनुराधा गोयल, कविता अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्त मौजूद रहे। कमेटी के संरक्षक भारत भूषण गुप्ता ने बताया कि सिंदूराभिषेक से घर-परिवार में सुख-समृद्धि आती है। विगत वर्षों की भांति इस बार भी मनौतियों के राजा के नाम चिट्ठी लिखने की सुविधा रोज सुबह 10 से शाम 6 बजे तक है, जहां श्रद्धालु अपनी मनोकामना लिख रहे हैं।
वॉयस ऑफ इंडिया के विजेता ने बांधा समां
शाम को भजन संध्या में कोलकाता के संजय शर्मा के निर्देशन में ‘वॉयस ऑफ इंडिया’ के विजेता सुमित सैनी ने धमाल मचा दिया। “गौरा माता दो आंखें दो तारा”, “मैंने मोहन को बुलाया है” और “गणपति बप्पा मोरया” जैसे भजनों पर भक्त झूम उठे। बाद में श्रीकृष्ण महा रास और राम-केवट संवाद की नृत्य नाटिका ने सबका मन मोह लिया।
नगर में आज
“मनौतियों के राजा” पंडाल में सांस्कृतिक कार्यक्रम, झूलेलाल वाटिका गोमती तट, शाम 7:00 बजे।



