प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस पर नई दिल्ली नगर पालिका परिषद् मनाएगा ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम
केंद्र सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थी ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में होंगे शामिल : कुलजीत सिंह चहल

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर के अवसर पर नई दिल्ली नगरपालिका परिषद् (NDMC) द्वारा ‘सेवा माह’ के अंतर्गत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान कर्तव्य पथ से सेवा तीर्थ तक लगभग 5,000 लाभार्थियों, NDMC कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की सहभागिता से एक लाख से अधिक मिट्टी के दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। यह जानकारी NDMC के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने आज मीडिया को संबोधित करते हुए दी।
कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाया जाता है। इस वर्ष यह अवसर विशेष है, क्योंकि सार्वजनिक जीवन में उनके 25 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। ‘जन सेवा से देश सेवा’ उनके सार्वजनिक जीवन से जुड़ा प्रमुख संदेश रहा है। पिछले 25 वर्षों की सार्वजनिक यात्रा में सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण पर निरंतर जोर रहा है। गरीबों और वंचित वर्गों का सशक्तिकरण, किसानों का कल्याण, महिलाओं का सशक्तिकरण तथा युवाओं के लिए अवसरों का विस्तार जैसे विषय विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के केंद्र में रहे हैं। इसी विशेष अवसर पर NDMC द्वारा ‘आशीर्वाद का दिया’ अभियान के तहत एक लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए जाएंगे, जो नागरिकों की शुभकामनाओं, सहभागिता और सेवा भावना का प्रतीक होंगे।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य सेवा, समर्पण, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना को दीप प्रज्वलन के माध्यम से अभिव्यक्त करना है। कार्यक्रम में आयुष्मान भारत, सुकन्या समृद्धि योजना, पीएम स्वनिधि सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थी सहभागी होंगे। दीपों के माध्यम से इन योजनाओं से जुड़े विभिन्न संदेश एवं आकृतियां भी प्रदर्शित की जाएंगी।
श्री चहल ने बताया कि 17 सितंबर को सायं 7:00 बजे एक साथ एक लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह आयोजन नागरिकों की सहभागिता के साथ सेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना को अभिव्यक्त करने का अवसर होगा।
उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत @2047’ के व्यापक विजन के अनुरूप नई दिल्ली क्षेत्र में आधुनिक शहरी अधोसंरचना, बेहतर सार्वजनिक सुविधाओं, हरित क्षेत्रों, स्वच्छता और स्मार्ट सेवाओं को बढ़ावा देने पर निरंतर कार्य किया जा रहा है। कर्तव्य पथ, नया संसद भवन, भारत मंडपम, राष्ट्रीय युद्ध स्मारक, सेवा तीर्थ और कर्तव्य भवन जैसे प्रमुख विकास कार्य नई दिल्ली के बदलते शहरी एवं प्रशासनिक स्वरूप को दर्शाते हैं। सेंट्रल विस्ता से जुड़े इन प्रमुख विकास कार्यों में आधुनिक प्रशासनिक सुविधाओं, सार्वजनिक स्थानों और टिकाऊ शहरी विकास पर भी जोर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि NDMC द्वारा भी अपने क्षेत्र में स्वच्छता, हरित क्षेत्र, सार्वजनिक सुविधाओं, स्मार्ट सेवाओं और शहरी अधोसंरचना को निरंतर बेहतर बनाने के लिए विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान NDMC द्वारा कर्मचारियों के हित में किए गए विभिन्न कार्यों का भी उल्लेख किया जाएगा। इनमें लगभग 4,500 कर्मचारियों का नियमितीकरण प्रमुख है। इन प्रयासों के माध्यम से कर्मचारी कल्याण और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े कार्यों को रेखांकित किया जाएगा।
श्री चहल ने नागरिकों से अपील की कि 17 सितंबर को सायं 7:00 बजे अपने घरों में भी एक दीप प्रज्वलित करें और ‘आशीर्वाद का दिया’ जनभागीदारी अभियान का हिस्सा बनें। “एक दीप सेवा के नाम, एक दीप संकल्प के नाम और एक दीप राष्ट्र निर्माण के नाम।”


