उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

बंदी माता स्थान पर सुदामा चरित्र ने भावुक किए श्रद्धालु, विधायक डॉ. नीरज बोरा ने किया शिव मंदिर निर्माण का भूमि पूजन

44वें वार्षिक उत्सव में महारास लीला का हुआ भव्य मंचन, संतों ने अंगवस्त्र पहनाकर अतिथियों का किया सम्मान

लखनऊ । डालीगंज स्थित श्री बंदी माता स्थान में आयोजित 44वें वार्षिक उत्सव के अंतर्गत श्रीमद्भागवत कथा के सातवें दिवस पर कथा वाचिका रोली शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा के चरित्र का अत्यंत मार्मिक वर्णन किया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने सुदामा को अपना सच्चा मित्र बनाकर संसार को यह संदेश दिया कि मित्रता निस्वार्थ प्रेम, विश्वास और समर्पण का दूसरा नाम है। सच्चा मित्र वही है जो विपरीत परिस्थितियों में भी अपने मित्र का साथ कभी न छोड़े।

रात्रि में आयोजित महारास लीला में भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं का मनोहारी मंचन किया गया। कलाकारों की जीवंत प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरा परिसर राधे-कृष्ण के जयघोष से गूंज उठा।

इस अवसर पर श्री महंत देवेंद्र पुरी जी महाराज, श्री महंत मनोहर पुरी जी महाराज एवं श्री महंत पूजा पुरी जी महाराज ने मुख्य अतिथि उत्तर विधानसभा विधायक डॉ. नीरज बोरा तथा भाजपा लखनऊ महानगर के महामंत्री घनश्याम अग्रवाल का अंगवस्त्र पहनाकर सम्मान किया। तत्पश्चात आचार्यों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच डॉ. नीरज बोरा ने शिव मंदिर निर्माण के लिए विधिवत भूमि पूजन किया।

डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी सनातन परंपरा को सुदृढ़ करने के साथ समाज में संस्कार और एकता का संदेश देते हैं। उन्होंने मंदिर निर्माण कार्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए सभी श्रद्धालुओं से धर्म और संस्कृति के संरक्षण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में अनुराग साहू (मीडिया प्रभारी, भाजपा लखनऊ महानगर), पार्षद रणजीत सिंह, पूर्व पार्षद रेखा रोशनी, राजेश जोशी, कुलदीप जोशी, ऋषभ वाल्मीकि, प्रयास वाल्मीकि, वीरू कश्यप, दीपेश कुमार, अशोक राठौर, संजीव गोसाईं, आनंद वर्मा सहित सैकड़ों की संख्या में माताएं, बहनें, क्षेत्रवासी एवं संत-महात्मा उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button