रेलवे सुरक्षा बल बैरक में ऐशबाग रेलवे पॉलीक्लिनिक की मेडिकल टीम द्वारा ‘स्वास्थ्य जांच शिविर’ लगा

लखनऊ । पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मण्डल के मण्डल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन तथा मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, बादशाहनगर रमेश चन्द्र के दिशानिर्देशन में ऐशबाग स्थित रेलवे सुरक्षा बल बैरक में ऐशबाग रेलवे पॉलीक्लिनिक की मेडिकल टीम द्वारा ‘स्वास्थ्य जांच शिविर’ का आयोजन किया गया।
आयोजित शिविर में अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दीक्षा चौधरी, मण्डल चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजना पटनी, मुख्य नर्सिंग अधीक्षक सुश्री नील्जा तथा पैरामेडिकल स्टाफ की टीम द्वारा रेलवे सुरक्षा बल कर्मियों की सामान्य स्वास्थ्य जांच की गई। जिसमें हाइपरटेंशन के 5 पुराने व 11 नए मामले, डायबिटीज के 7 पुराने व 1 नया मामला, मोटापा के 4, ओरल कैंसर का 1, रुमेटॉयड आर्थराइटिस का 1 तथा अल्सरेटिव कोलाइटिस का 1 मामले के साथ कुल 44 कर्मियों की जांच की गई। इस दौरान सभी कर्मियों को जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं दवाएं उपलब्ध कराई गईं। हाई ब्लड प्रेशर व डायबिटीज के नए मामलों को नियमित फॉलो-अप एवं जीवनशैली में सुधार के लिए जागरूक किया गया।
रेल प्रशासन द्वारा समय-समय पर इस तरह के स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन कर रेल कर्मचारियों एवं सुरक्षा बलों के स्वास्थ्य की निगरानी की जाती है। इसका उद्देश्य फील्ड में तैनात कर्मियों को स्वस्थ रखना एवं समय पर रोगों की पहचान कर उपचार सुनिश्चित करना है।



