लखनऊ मण्डल के 6 प्रमुख स्टेशनों पर एक साथ चला स्वच्छता जागरूकता अभियान

लखनऊ । महाप्रबंधक, पूर्वोत्तर रेलवे श्री उदय बोरवणकर के निर्देशानुसार एवं मण्डल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन में आज इएनएचएम विभाग द्वारा पूर्वाेत्तर रेलवे, लखनऊ मण्डल के लखनऊ जं., गोरखपुर, गोंडा, बस्ती, खलीलाबाद एवं ऐशबाग पर एक साथ स्वच्छता जागरूकता अभियान एवं स्वच्छता रैली का आयोजन किया गया।
रैली के दौरान जन-जागरूकता संदेश, उद्घोषणाओं एवं स्वच्छता संबंधी गतिविधियों के माध्यम से यात्रियों तथा स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। अभियान की मुख्य गतिविधियाँ में यात्रियों, रेल उपभोक्ताओं तथा स्थानीय नागरिकों को स्टेशन परिसर में कूड़ा इधर-उधर न फैलाने का संदेश दिया गया। नीली एवं हरी डस्टबिन के सही उपयोग के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। यात्रियों को बताया गया कि सूखा कचरा कागज, प्लास्टिक, बोतलें, पैकेट आदि नीली डस्टबिन में तथा गीला कचरा भोजन के अवशेष, फल-सब्जियों के छिलके आदि हरी डस्टबिन में डालें। यात्रियों को सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया तथा बताया गया कि प्लास्टिक की थैलियाँ, डिस्पोजेबल कप, प्लेटें, स्ट्रॉ, चम्मच, पैकेट एवं अन्य एकल-उपयोग प्लास्टिक वस्तुएँ भूमि, जल और वायु प्रदूषण बढ़ाती हैं तथा पर्यावरण के लिए अत्यंत हानिकारक हैं। इस दौरान उपस्थित जनसमूह को सिंगल यूज प्लास्टिक के स्थान पर कपड़े या जूट के थैलों का प्रयोग करने हेतु प्रेरित भी किया गया।
कार्यक्रम में रेल कर्मचारियों, यात्रियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। रेल प्रशासन का यह कदम ‘स्वच्छ भारत मिशन’ को गति देने तथा स्टेशनों को साफ-सुथरा एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।



