विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के अंतर्गत लखनऊ स्टेशन पर “एक पेड़ माँ के नाम” पहल का आयोजन

लखनऊ : विश्व पर्यावरण दिवस अभियान-2026 के अंतर्गत 27 मई 2026 को लखनऊ रेलवे स्टेशन पर “एक पेड़ माँ के नाम” पहल के तहत विशेष वृक्षारोपण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अभियान का उद्देश्य केवल पौधारोपण करना ही नहीं, बल्कि प्रकृति संरक्षण को मातृ सम्मान एवं भावनात्मक जुड़ाव से जोड़ना है। कार्यक्रम के दौरान रेलवे कर्मचारियों एवं यात्रियों से अपील की गई कि वे अपनी माँ के सम्मान अथवा उनकी स्मृति में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं तथा उसकी नियमित देखभाल भी करें।
अभियान के अंतर्गत लोगों को वृक्षारोपण के महत्व तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में यह संदेश दिया गया कि वर्तमान समय में ग्लोबल वार्मिंग एवं जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए अधिकाधिक वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। इससे देश में हरित आवरण (ग्रीन कवर) बढ़ेगा तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सहायता मिलेगी।
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल द्वारा पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं हरित वातावरण को बढ़ावा देने हेतु इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं।


