उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

ई-रिक्शा चालकों ने सीटू के बैनर तले समस्याओं के समाधान हेतु नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय पर प्रदर्शन कर सौंपा ज्ञापन

नोएडा । ई-रिक्शा चालकों की विभिन्न समस्याओं के समाधान तथा बढ़ती महंगाई के अनुरूप किराया बढ़ाने सहित अन्य मांगों को लेकर बड़ी संख्या में चालकों ने सीटू के बैनर तले नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय, सेक्टर-19 नोएडा पर प्रदर्शन किया और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

इससे पूर्व सभी ई-रिक्शा चालक प्रातः 9:00 बजे सेक्टर 12-22 चौराहे पर एकत्रित हुए, जहां से वे सामूहिक रूप से रैली के रूप में नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शन में चालकों ने अपनी मांगों को जोरदार तरीके से उठाया और प्रशासन से शीघ्र समाधान की मांग की।
सभा को संबोधित करते हुए सीटू जिला महासचिव रामस्वारथ, सचिव गंगेश्वर दत्त शर्मा, जिला कमेटी सदस्य भरत डेंजर, अरुण पटेल तथा जनवादी महिला समिति की अध्यक्ष रेखा चौहान, कोषाध्यक्ष गुड़िया देवी ने कहा कि ई-रिक्शा चालकों के संचालन, किराया निर्धारण एवं अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर अब तक कोई स्पष्ट नीति नहीं बनाई गई है, जिसके चलते चालकों का लगातार उत्पीड़न हो रहा है।
नेताओं ने कहा कि चालकों के उत्पीड़न को रोकने, उचित किराया निर्धारण, सामाजिक सुरक्षा तथा अन्य बुनियादी अधिकारों को सुनिश्चित करने के लिए यह आंदोलन किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस दौरान रिक्शा चालक चंदन शर्मा, अशोक कुमार, परमिंदर कुमार, देव, चंदन एवं लकी गुप्ता सहित बड़ी संख्या में चालक उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।
अंत में यह भी घोषणा की गई कि आगामी रणनीति तय करने के लिए रविवार, 5 अप्रैल 2026 को प्रातः 11:00 बजे नोएडा स्टेडियम गेट नंबर 4 पर एक सभा आयोजित की जाएगी, जिसमें आगे के आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button