राष्ट्रीय लोकदल गाँव-गाँव, बूथ-बूथ तक संगठन को सक्रिय करेगा : डॉ. कुलदीप उज्ज्वल

लखनऊ : राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश कार्यालय, लखनऊ में आज पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पंचायत चुनाव संचालन समिति के संयोजक एवं राष्ट्रीय सचिव डाॅ. कुलदीप उज्ज्वल ने की।
बैठक में पंचायत चुनाव की रणनीति, संगठन की मजबूती तथा समिति के सदस्यों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय महासचिव श्री अनिल दुबे जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए डाॅ. कुलदीप उज्ज्वल ने कहा कि “पंचायत चुनाव ही विधान सभा चुनाव का आधार होता है। यदि हम पंचायत स्तर पर मजबूत होंगे तो विधानसभा में भी सफलता निश्चित होगी। पंचायत चुनाव में हमें किसान, मजदूर, महिला, युवा और आम जनता का विश्वास जीतकर उनकी आवाज़ को ताक़त देना है। राष्ट्रीय लोकदल गाँव-गाँव, बूथ-बूथ तक संगठन को सक्रिय करेगा। पंचायत चुनाव में हमारी ताक़त ही भविष्य के बड़े चुनावों का मार्ग प्रशस्त करेगी।”
उन्होंने आगे कहा कि पंचायत चुनाव केवल राजनीतिक प्रक्रिया नहीं बल्कि गाँवों की असली ताक़त और लोकतंत्र की जड़ है। “गाँव का विकास, किसानों की तरक्की, नौजवानों को अवसर और महिलाओं की भागीदारी – इन सबकी नींव पंचायत से ही पड़ती है। रालोद इस बार पंचायत चुनाव को एक आंदोलन की तरह लड़ेगा और कार्यकर्ता गाँव-गाँव जाकर जनता से सीधा संवाद करेंगे।”
मुख्य अतिथि अनिल दुबे जी, राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि “राष्ट्रीय लोकदल पंचायत चुनाव को पूरी ताक़त के साथ लड़ेगा। पंचायत चुनाव रालोद की असली रीढ़ है और किसान, मजदूर, महिला तथा गाँव की खुशहाली के लिए पार्टी पूरे प्रदेश में अकेले चुनाव मैदान में उतरेगी।”
बैठक में विशेष रूप से राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह जी के निर्देशानुसार गठित पंचायत चुनाव संचालन समिति के सदस्य उपस्थित रहे। समिति में संयोजक डाॅ. कुलदीप उज्ज्वल (राष्ट्रीय सचिव) तथा सदस्य रोहित प्रताप , मोहम्मद जैद,विकास कादियान , संतोष सिंह और हवलदार यादव जी शामिल रहे।
बैठक में यह तय किया गया कि प्रत्येक जनपद में पाँच सदस्यीय कमेटी गठित होगी। इन समितियों के गठन की जिम्मेदारी जिला अध्यक्षों को दी गई है और यह कार्य संबंधित क्षेत्रीय अध्यक्ष की निगरानी में होगा। प्रदेश स्तर पर गठित पंचायत चुनाव संचालन समिति इन कमेटियों की मॉनिटरिंग करेगी।
समितियाँ चुनाव लड़ने के इच्छुक लोगों का ज़मीनी स्तर पर आकलन करेंगी, उनके बायोडाटा एकत्रित कर परीक्षण करेंगी और उनमें से जिताऊ तथा पार्टी के प्रति निष्ठावान प्रत्याशियों का चयन किया जाएगा। प्रत्येक समिति में महिलाओं और सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में प्रमुख रूप से
डाॅ. दीपक तोमर, हवलदार यादव , रामपाल धामा , संगीता दोहरे , संतोष सिंह , दिलनवाज खान, कर्नल ब्रहमपाल सिंह तोमर, अंबुज पटेल, विकास कादियान , नरेंद्र सिंह खजूरी जी (सदस्य – उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग), अमन पाण्डेय , परिणीता सिंह ,इन्द्रवीर सिंह भाटी, रामसजीवन पटेल, पी.के. पाठक , शिवप्रसाद द्विवेदी जी एवं मोहम्मद जैद उपस्थित रहे।
मीटिंग में बारी-बारी से सभी नेताओं ने अपने सुझाव और विचार प्रस्तुत किए। अंत में पंचायत चुनाव संचालन समिति के संयोजक डाॅ. कुलदीप उज्ज्वल ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष माननीय चौधरी जयंत सिंह के विचारों और सिद्धांतों को मजबूत करने के लिए हम सबको मिलकर काम करना होगा। आगामी 15 दिनों में जनपद स्तरीय समितियों के गठन का कार्य लगभग पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद प्रदेश समिति प्रत्येक जिले का दौरा करेगी और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद स्थापित करेगी।”



