राष्ट्रीय लोकदल उत्तर प्रदेश पदाधिकारियों, क्षेत्रीय अध्यक्ष, संगठन महासचिव, जिलाध्यक्ष एवं महानगर अध्यक्षों की बैठक 29 अगस्त को

लखनऊ : राष्ट्रीय लोकदल उत्तर प्रदेश के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में आगामी दिनों में दो महत्वपूर्ण बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में जानकारी देते हुए प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने बताया कि आगामी 29 अगस्त को प्रकोष्ठ अध्यक्ष एवं प्रभारियों की बैठक तथा 30 अगस्त को प्रदेश पदाधिकारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, संगठन महासचिव, जिलाध्यक्ष एवं महानगर अध्यक्षों की बैठक आयोजित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इन दोनों बैठकों में राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) त्रिलोक त्यागी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे तथा संगठन के सुदृढ़ीकरण, आगामी रणनीति एवं जनसंपर्क अभियानों को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश देंगे।
प्रदेश मीडिया प्रभारी त्रिवेदी ने आगे बताया कि इन बैठकों की अध्यक्षता राष्ट्रीय लोकदल उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामाशीष राय करेंगे। वे प्रदेशभर से आए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे तथा संगठन को और मज़बूत बनाने के लिए अपने विचार एवं मार्गदर्शन देंगे।
श्री त्रिवेदी ने बताया कि 30 अगस्त की बैठक में पंचायत चुनाव कमेटी के प्रभारी श्री कुलदीप उज्ज्वल एवं पंचायत चुनाव समिति के अन्य सदस्य भी भाग लेंगे। वे पंचायत चुनाव में राष्ट्रीय लोकदल की भागीदारी एवं रणनीति पर विस्तृत चर्चा करेंगे।
इन बैठकों में प्रदेश नेतृत्व एवं संगठनात्मक इकाइयों से जुड़े तमाम मुद्दों पर चर्चा की जाएगी, पार्टी द्वारा चलाए जा रहे सदस्यता अभियान पर भी चर्चा होगी, साथ ही वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को लेकर ठोस रणनीति बनाई जाएगी। कार्यकर्ताओं से अपेक्षा की गई है कि वे बड़ी संख्या में पहुँचकर अपने मूल्यवान सुझावों से पार्टी को लाभान्वित करें।



