बवाना औद्योगिक क्षेत्र में लगाए पार्किंग शुल्क एवं अन्य समस्याओं से उद्योगपतियों की एसोसिएशनों ने दिल्ली भाजपा अध्यक्ष को अवगत कराया

नई दिल्ली : बवाना DSIIDC कम्पलैक्स के उद्योगपतियों के एक बृहद प्रतिनिधिमंडल ने आज दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र सचदेवा से उनके कार्यालय में भेंटकर अपनी समस्याओं विशेषकर नए लगाए गए पार्किंग शुल्क समस्या से उन्हें अवगत कराया।

बवाना औद्योगिक क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली उद्यमियों की 13 एसोसिएशनो के अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों के साथ बवाना के प्रमुख उद्यमी और ट्रांसपोर्ट एसोसिएशनों के पदाधिकारियों ने आज प्रदेश कार्यालय में दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र सचदेवा से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।
प्रतिनिधिमंडल में DSIIDC बवाना में कार्य कर रही 13 उद्योग एसोसिएशनों के अध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारियों के साथ ही वहां से काम करने वाले ट्रांसपोर्टरों के एसोसिएशनों के प्रतिनिधि भी शामिल थे। लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधि भी आज की बैठक में उपस्थित थे।
प्रदेश उपाध्यक्ष श्री विनय रावत द्वारा संचालित बैठक में प्रदेश भाजपा महामंत्री श्री हर्ष मल्होत्रा, निगम पार्षद श्री जय भगवान यादव एवं श्रीमति अंजु अमन, प्रदेश कोषाध्यक्ष श्री सतीश गर्ग, उत्तर पश्चिम जिला अध्यक्ष श्री सत्य नारायण गौतम, प्रदेश प्रवक्ता श्री अजय सहरावत, बाहरी दिल्ली जिला प्रभारी श्री सतेन्द्र सिंह, कार्यालय मंत्री श्री ब्रजेश राय, एवं पूर्व विधायक श्री वेद प्रकाश एवं नेता श्री रविन्द्र इंद्राज के साथ अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

बवाना के उद्यमियों की शिकायत थी कि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली नगर निगम में सत्ता में आते ही बवाना औद्योगिक क्षेत्र के अंदर 12 मीटर और 24 मीटर सड़कों के ऊपर लगभग 40 टोल प्वाइंट्स लगाकर भारी पार्किंग शुल्क वसूलना शुरु किया है। उन्होंने कहा कि आज स्थिति इतनी खराब हो गई है कि बवाना उद्योगिक क्षेत्र में जाने पर टैम्पू या ऑटो वाले को पार्किंग देनी पड़ रही है।
बवाना के उद्यमियों ने कहा कि यह एक मनमानी लूट का मामला है जिसके अंतर्गत केजरीवाल शासित दिल्ली नगर निगम ने छोटी गाड़ियों के लिए प्रति वर्ष 6,600 रुपये और 9,900 रुपये बड़े गाड़ियों के लिए पार्किंग चार्ज वसूल करने का आदेश दिया है जबकि पहले से ही उद्योगपति सड़क मेंन्टेनेंस के नाम पर मोटे चार्जेज देते आ रहे हैं।
श्री वीरेन्द्र सचदेवा ने DSIIDC के उद्योगपतियों को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता दिल्ली नगर निगम द्वारा लगाए गए इस नए अवैध पार्किंग शुल्क का विरोध करेंगे और इसे वसूलने नहीं दिया जाएगा। यदि दिल्ली नगर निगम नहीं मानेगा तो हमारे कार्यकर्ता इसके विरुद्ध उद्योगपतियों को आंदोलन चलाने में सहयोग देंगे।
श्री सचदेवा ने कहा कि मैं बवाना औद्योगिक क्षेत्र में लगाए गए पार्किंग शुल्क को लेकर दिल्ली नगर निगम आयुक्त से बात करुंगा और इसे वापस कराने का पूरा प्रयास करुंगा।
–



