NRMU की 249वीं बैठक में रेल कर्मचारियों की समस्याओं एवं मांगों पर हुई चर्चा

लखनऊ : उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल कार्यालय के सभागार में नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन (NRMU) की 249वीं स्थाई वार्ता तंत्र की दो दिवसीय बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक, सुनील कुमार वर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने मंडल की वर्तमान उपलब्धियों एवं आगामी योजनाओं की जानकारी यूनियन पदाधिकारियों को दी तथा कर्मचारी हित में उठाए जा रहे कदमों से भी उन्हें अवगत कराया।
यूनियन द्वारा इस बैठक में कर्मचारियों से निर्धारित कार्यावधि के अनुरूप कार्य लेने, लंबित पदोन्नति के मामलों का निस्तारण करने तथा पात्र कर्मचारियों को नियमानुसार सेवा संबंधी लाभ प्रदान करने की मांग की गई। यूनियन द्वारा सुल्तानपुर, अयोध्या कैंट, रायबरेली एवं प्रयागराज जैसे प्रमुख स्टेशनों पर कार्यरत कर्मचारियों के लिए आपातकालीन चिकित्सा सुविधा हेतु स्थानीय अस्पतालों की सूची उपलब्ध कराने तथा अस्पतालों में उपचार संबंधी समस्याओं का समाधान करने की मांग की गई। इस बैठक में कर्मचारी हितों से जुड़े सभी विषयों पर नियमानुसार विचार करने तथा लंबित मामलों के समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई किए जाने की आवश्यकता पर चर्चा हुई।
इस बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक, शूरवीर सिंह चौहान एवं नीलिमा सिंह, सभी विभागों के शाखाध्यक्ष, नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन के मंडल मंत्री, विभूति मिश्रा, मंडल अध्यक्ष, सुधीर तिवारी एवं यूनियन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।


