रेल कर्मचारियों के लिए श्रावस्ती में एक दिवसीय भ्रमण शिविर का आयोजन

लखनऊ । पूर्वाेत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक, गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता के निर्देशन में गोंडा स्थित विभिन्न विभागों में कार्यरत 59 कर्मचारियों के लिए एक दिवसीय कर्मचारी कल्याण निधि द्वारा निशुल्क ‘श्रावस्ती भ्रमण शिविर’ का आयोजन किया गया।
भ्रमण के दौरान कर्मचारियों को श्रावस्ती स्थित प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थलों का भ्रमण एवं दर्शन कराया गया। इस दौरान कर्मचारियों ने जेतवन, सहेट-महेट, महाअंगुलिमाल गुफा, कच्ची कुटी, ओरझर थाई टेम्पल, कोरियन टेम्पल तथा दिगंबर जैन शंभनाथ मंदिर आदि महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण किया और उनके धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व की जानकारी प्राप्त की।
इस भ्रमण शिविर के दौरान कर्मचारियों के लिए प्रातःकालीन नाश्ता एवं दोपहर के भोजन की समुचित व्यवस्था की गई थी। यात्रा के दौरान वापसी में नाश्ते का विशेष प्रबंध किया गया था। भ्रमण उपरान्त सभी सम्मिलित कर्मचारियों को उपहार वितरित किए गए, जिससे कर्मचारियों में विशेष उत्साह एवं प्रसन्नता का माहौल रहा।
मण्डल रेल प्रबंधक ने बताया की इस एक दिवसीय भ्रमण शिविर का उद्देश्य कर्मचारियों को कार्य की व्यस्तता एवं तनाव से कुछ समय के लिए राहत प्रदान करना तथा उन्हें ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों से परिचित कराने के साथ-साथ आपसी सौहार्द, टीम भावना एवं भाईचारे को बढ़ावा देना है।



