सीतापुर रेलवे स्टेशन पर वाणिज्य विभाग का सघन निरीक्षण अभियान
1708 पानी की बोतलें एवं मैंगो ड्रिंक जब्त, अवैध वेंडरों पर ₹6,000 का अर्थदंड

लखनऊ । मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अरिजीत सिंह के निर्देशानुसार 01.जुलाई 2026 को सीतापुर रेलवे स्टेशन पर सहायक वाणिज्य प्रबंधक ओंकारनाथ वर्मा के नेतृत्व में वाणिज्य विभाग की टीम द्वारा खान पान स्टॉलों एवं पूरे स्टेशन परिसर का सघन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान स्टॉलों पर पाई गई कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश संबंधित लाइसेंसधारकों एवं संचालकों को दिए गए। टीम ने यह सुनिश्चित किया कि केवल रेलवे द्वारा अनुमोदित वस्तुओं का ही विक्रय हो रहा है। सभी स्टॉल संचालकों को कड़े निर्देश दिए गए कि किसी भी प्रकार की अनाधिकृत या गैर-अनुमोदित वस्तुओं का विक्रय न किया जाए तथा रेलवे के वाणिज्यिक नियमों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण टीम ने स्टेशन परिसर एवं विभिन्न प्लेटफार्मों पर लावारिस अवस्था में पड़ी कुल 1708 पानी की बोतलें एवं मैंगो ड्रिंक जब्त कर लीं। इन सामग्रियों को नियमानुसार LPO में जमा करा दिया गया तथा आगे की कार्रवाई हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। इसके अलावा प्लेटफार्म पर तीन व्यक्तियों को अवैध वेंडिंग करते हुए पकड़ा गया। रेलवे नियमों के अंतर्गत उनके विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल ₹6,000 का अर्थदंड अधिरोपित किया गया, जिसे वसूल कर रेलवे राजस्व में जमा कराया गया।
निरीक्षण के दौरान स्वच्छता, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, वस्तुओं के उचित प्रदर्शन, मूल्य सूची की उपलब्धता तथा यात्रियों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने के संबंध में भी विशेष जांच की गई। स्टॉल संचालकों को उच्च स्तरीय स्वच्छता एवं गुणवत्ता बनाए रखने तथा यात्रियों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के सख्त निर्देश दिए गए।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, लखनऊ ने बताया कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और रेलवे परिसर में निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए ऐसे निरीक्षण अभियान निरंतर चलाए जाएंगे। नियमों के उल्लंघन, अवैध वेंडिंग या अन्य अनियमितताओं पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।



