विरोध_का_पाखंड : 1975 की इमरजेंसी के साथ खड़ा था संघ “सीटू”
तब की घोषित इमरजेंसी और अब का अघोषित आफ़तकाल

नोएडा ::25 जून की आधी रात को 1975 में लगे आंतरिक आपातकाल की 51वीं बरसी पूरी हुई। 12 जून 1975 को इलाहाबाद हाईकोर्ट के जस्टिस जगमोहनलाल सिन्हा द्वारा तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के लोकसभा चुनाव को अवैध घोषित करने के बाद लगा यह आपातकाल, भारतीय लोकतंत्र का काला दिन था।
इमरजेंसी ने भारतीय समाज के रूपांतरण को रोक दिया और लोकतंत्र के प्रति जनता के विश्वास को खंडित किया। यह कहना अतिशयोक्ति नहीं होगी कि यदि 26 जून 1975 नहीं होता तो साम्प्रदायिक हिन्दुत्व के प्रतीक के प्रधानमंत्री पद तक पहुंचने वाला 26 मई 2014 भी नहीं होता।
तब की इमरजेंसी और अब का आफ़तकाल
आज का जो आफ़तकाल है, उसकी तुलना में वह इमरजेंसी मामूली लगती है। इंदिरा गांधी ने जो किया वह कम से कम संविधान की किसी धारा में तो था, मगर आज कॉर्पोरेट और हिन्दुत्ववादी सांप्रदायिकता के गठजोड़ वाले मोदी राज की अघोषित इमरजेंसी में जो किया जा रहा है वह संविधान की किसी धारा में नहीं है।
1. उस इमरजेंसी में प्रेस पर आधिकारिक सेंसरशिप थी। आज मीडिया ‘गोदी मीडिया’ बन चुका है, जो रेंगने से भी आगे जूतों के फीतों में लिपटने की हद तक पहुंच गया है। 2. तब गिरफ्तारियां DIR, MISA के तहत होती थीं, जिनमें रिव्यू का प्रावधान था। अब UAPA जैसे कानून आ गए हैं, जिनमें न रिव्यू है न न्याय की संभावना। 3. ED, CBI और इनकमटैक्स को शिकारी झुंडों में बदल दिया गया है, चुनाव आयोग को भाजपा दफ्तर की घुड़साल में बांध दिया गया है। 4. मजदूरों को बंधुआ बनाने के चार श्रम कोड, किसानों को बर्बाद करने की नीतियां, शिक्षा का विनाश, और मनुस्मृति की विचारधारा से समाज पर हमला जारी है।
यह इमरजेंसी नहीं, यह उससे भी भयानक है।
संघ-जनसंघ का समर्पण और चिट्ठी-गुहार
इमरजेंसी की बरसी पर भाजपा खुद को इसके खिलाफ लड़ाई का योद्धा साबित करने में जुटी है। इससे बड़ा झूठ और पाखंड कोई और नहीं हो सकता।
हकीकत यह है कि इमरजेंसी में आरएसएस और जनसंघ इंदिरा गांधी के आगे पूरा लम्बलोट था। जेलों में जाने के बाद भी वे आपातकाल के समर्थन में कसीदे काढ़ रहे थे, माफीनामे की चिट्ठियों की बाढ़ ला रहे थे।
तत्कालीन सरसंघचालक मधुकर दत्तात्रेय देवरस ने इंदिरा गांधी को 22 अगस्त 1975 को यरवदा जेल से लिखा: “मैंने 15 अगस्त को रेडियो पर आपके संबोधन को सुना। आपका यह संबोधन संतुलित और समय के अनुकूल था।”
10 नवंबर 1975 को फिर लिखा: “सुप्रीम कोर्ट ने आपके चुनाव को संवैधानिक घोषित कर दिया है, इसके लिए हार्दिक बधाई। संघ का जेपी आंदोलन से कोई संबंध नहीं है।”
जब इंदिरा गांधी ने जवाब नहीं दिया तो देवरस ने विनोबा भावे को 12 जनवरी 1976 को पत्र लिखकर गुहार लगाई कि प्रधानमंत्री के मन में आरएसएस के बारे में जो गलत धारणा है उसे हटाएं, ताकि आरएसएस के लोग रिहा होकर प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की प्रगति में योगदान कर सकें।
यह चिट्ठी-सरेंडर सावरकर साहब के जमाने से चल रहा है। ऐसे महान सरेंडर रिकॉर्ड वाले जब उस इमरजेंसी को लेकर आंसू बहाते हैं तो अपनी फासिस्ट प्रशिक्षित प्रजाति का दोमुंहापन उजागर कर रहे होते हैं।
इमरजेंसी जिनके जुल्मों के लिए कुख्यात हुई, वे ही बाद में भाजपा के नेता बने।
जरूरत उस इमरजेंसी के सबकों को याद करने की है ताकि आज की इस अघोषित और ज्यादा बर्बर इमरजेंसी का मुकाबला किया जा सके। जरूरत इन पाखंडियों को बेनकाब करने की भी है।
जो अपने इतिहास से सबक नहीं लेते वे उस इतिहास को फिर से भुगतने के लिए अभिशप्त होते हैं।



