महिला कर्मचारियों के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त ‘महिला लंच रूम’ का शुभारंभ कराया गया

लखनऊ । पूर्वाेत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल में महिला सशक्तिकरण की दिशा में निरन्तर प्रयासरत है। इसी परिप्रेक्ष्य में मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल द्वारा अपर मण्डल रेल प्रबंधक (इंफ्रा0) भुवनेश सिंह एवं अपर मण्डल रेल प्रबन्धक (परिचालन) नीतू की उपस्थिति में मण्डल कार्यालय की वरिष्ठ महिला कर्मचारी गीता गुप्ता के करकमलों से महिला कर्मचारियों के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त ‘महिला लंच रूम’ का शुभारंभ कराया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने कहा कि महिला कर्मचारियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सम्मानजनक कार्य वातावरण उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह सुविधा महिला कर्मचारियों के कार्य संतोष एवं कार्यक्षमता में वृद्धि करने में सहायक सिद्ध होगी।
महिला लंच रूम में स्वच्छ एवं आरामदायक बैठने की व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता संबंधी सुविधाएं तथा सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराया गया है, जिससे महिला कर्मचारी अपने कार्य के दौरान सुविधाजनक रूप से भोजन एवं विश्राम कर सकेंगी। इस दौरान उपस्थित महिला कर्मचारियों ने रेलवे प्रशासन के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे महिला हित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
इस अवसर पर वरिष्ठ मण्डल कार्मिक अधिकारी, वरिष्ठ मण्डल सामग्री प्रबंधक तथा वरिष्ठ मण्डल संरक्षा अधिकारी एवं अन्य अधिकारी तथा कर्मचारीगण उपस्थित थे।



