कला निकेतन सोसायटी ने ‘कलांश आर्ट स्टूडियो’ में अभिनेता सतीश शाह को चित्रकला के माध्यम से दी भावभीनी श्रद्धांजलि

लखनऊ : प्रख्यात अभिनेता सतीश शाह के आकस्मिक निधन से कला और मनोरंजन जगत में गहरा शोक है। इसी कड़ी में, कला निकेतन सोसायटी उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित “कलांश आर्ट स्टूडियो” लखनऊ में आज एक विशेष श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में कला प्रमोटर राजेन्द्र कुमार मिश्र ने भी अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए। स्टूडियो के कलाकारों ने अपनी कला के माध्यम से दिवंगत अभिनेता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की.

इस अवसर पर, युवा चित्रकार हर्षिका सिंह, शिवम वर्मा, और मानसी मौर्य ने अपनी कला का प्रदर्शन करते हुए सतीश शाह के जीवंत पोर्ट्रेट्स बनाए। कलाकारों ने रंगों और रेखाओं के ज़रिए उनके हास्य और अभिनय की कलात्मकता को कैनवास पर उकेरा।
कला निकेतन सोसायटी के प्रमुख अभिनव दीप ने इस मौके पर कहा, “सतीश शाह जी ने अपनी सहज अभिनय कला से करोड़ों दर्शकों के दिलों में जगह बनाई। एक कलाकार के तौर पर उनका काम हमेशा प्रेरणा देता रहेगा। हमारे स्टूडियो के युवा कलाकारों ने चित्रकला के माध्यम से उन्हें जो श्रद्धांजलि दी है, वह यह दर्शाती है कि कला की कोई सीमा नहीं होती और सच्ची कला हमेशा अमर रहती है।”

कलाकारों ने इस कार्य को स्वर्गीय अभिनेता के प्रति अपना सम्मान व्यक्त करने का सबसे सार्थक तरीका बताया। यह कलात्मक श्रद्धांजलि न केवल अभिनेता सतीश शाह के प्रति सम्मान व्यक्त करती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि कला किस प्रकार भावनाओं को व्यक्त करने का एक सशक्त माध्यम है।



