मंडल रेल प्रबंधक ने लखनऊ–उन्नाव–ऊंचाहार–रायबरेली रेलखंड का किया निरीक्षण

लखनऊ : उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने आज दिनांक 17 अक्टूबर, 2026 को लखनऊ–उन्नाव–ऊंचाहार–रायबरेली रेलखंड का विंडो एवं स्टेशन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं, साफ-सफाई, निर्माण कार्यों, स्टेशन भवनों तथा रेलवे ट्रैक की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण की शुरुआत हरौनी स्टेशन से हुई, जहां मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन परिसर की साफ-सफाई, प्रवेश द्वार, टिकट काउंटर एवं रिले रूम की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने स्टेशन पर स्वच्छता बनाए रखने तथा यात्रियों को उपलब्ध सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त रेलवे ट्रैक एवं पॉइंट संख्या 44 का निरीक्षण किया गया। सोनिक स्टेशन से पहले 44/14 पोल की जांच की गई तथा सोनिक स्टेशन के आगे रेलवे ट्रैक एवं पोल की माप संबंधी जांच भी की गई।
इसके बाद उन्नाव स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन मास्टर कक्ष, पूछताछ काउंटर, प्लेटफॉर्म संख्या 1 के बाहर चल रहे निर्माण कार्य तथा प्लेटफॉर्म पर स्थित खानपान स्टॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने प्लेटफॉर्म संख्या 4 एवं 5 पर साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित कर्मचारियों को नियमित सफाई सुनिश्चित करने तथा स्टेशन परिसर को स्वच्छ रखने के निर्देश दिए।
अचलगंज स्टेशन पर उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का निरीक्षण किया और स्टेशन के नक्शे का अवलोकन किया। इसके उपरांत तकिया स्टेशन पर नवनिर्मित स्टेशन भवन, प्रतीक्षालय, शौचालय, स्टेशन अधीक्षक कक्ष एवं प्लेटफॉर्म सहित अन्य यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान समपार संख्या 86-सी/2-ई पर पहुंचकर क्रॉसिंग की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
बैसवारा स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की। मंडल रेल प्रबंधक ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना।
निरीक्षण के अगले चरण में लालगंज स्टेशन पर उन्होंने नए स्टेशन भवन के निर्माण कार्य तथा स्टेशन मास्टर कक्ष का जायजा लिया। यहां भी उन्होंने स्थानीय लोगों से संवाद किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री समर्थ गुप्ता, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक श्री रजनीश श्रीवास्तव एवं उप मुख्य अभियंता/जीएसयू श्री ऋषि यादव उपस्थित रहे। मंडल रेल प्रबंधक ने निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को स्टेशन परिसरों में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था बनाए रखने, यात्री सुविधाओं में सुधार करने तथा निर्माण कार्यों को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए।



