भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान एवं उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के मध्य प्रशिक्षण
अनुसंधान एवं ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा देने हेतु समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर

लखनऊ : भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान (IRITM), लखनऊ तथा उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPMRCL), लखनऊ के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर ट्रेनिंग (CoET) के मध्य आज 16 अक्टूबर, 2026 को प्रशिक्षण की गुणवत्ता में सुधार, क्षमता निर्माण, अनुसंधान, ज्ञान के आदान-प्रदान तथा शैक्षणिक सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।
इस समझौता ज्ञापन पर भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान, लखनऊ की ओर से श्री संजय त्रिपाठी, अपर महानिदेशक (ADG), IRITM तथा उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर ट्रेनिंग की ओर से श्री प्रशांत मिश्रा (IRSEE), महानिदेशक/CoET, UPMRCL, लखनऊ ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर श्री सुदीप सिंह (IRTS), प्रिंसिपल, CoET एवं संयुक्त महाप्रबंधक (ऑपरेशंस), UPMRCL, लखनऊ तथा श्री कृष्ण शुक्ल, महाप्रबंधक (ऑपरेशंस), UPMRCL, लखनऊ सहित संस्थान के संकाय सदस्य उपस्थित रहे।
इस समझौते का प्रमुख उद्देश्य भारतीय रेल एवं मेट्रो रेल क्षेत्र में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रशिक्षण की गुणवत्ता को बेहतर बनाना तथा दोनों संस्थानों की विशेषज्ञता, अनुभव और संसाधनों का परस्पर लाभ उठाना है। इसके अंतर्गत संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रमों, प्रशिक्षण मॉड्यूल एवं केस स्टडी के विकास, संकाय सदस्यों, प्रशिक्षकों एवं विषय विशेषज्ञों के आदान-प्रदान तथा अधिकारियों और पेशेवरों के लिए इंटर्नशिप, व्यावहारिक अनुभव एवं एक्सपोजर कार्यक्रमों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
समझौता ज्ञापन के तहत दोनों संस्थान संयुक्त रूप से अतिथि व्याख्यान, सेमिनार, कार्यशालाएं, सम्मेलन तथा विशेषज्ञ सत्र आयोजित कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त, रेलवे प्रणाली, मेट्रो रेल परिचालन, परिवहन प्रबंधन एवं शहरी परिवहन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार करने और संचालित करने में भी सहयोग किया जाएगा।
इस सहयोग के अंतर्गत परिचालन संबंधी अनुसंधान, परामर्श परियोजनाओं, प्रशिक्षण आवश्यकताओं के आकलन (Training Need Analysis), मौजूदा पाठ्यक्रमों के अद्यतन तथा नए पाठ्यक्रमों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। दोनों संस्थान भारतीय ज्ञान परंपरा (Indian Knowledge Systems) पर आधारित प्रशिक्षण मॉड्यूल विकसित करने तथा मौजूदा प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों को डिजिटल स्वरूप में परिवर्तित करने के लिए भी परस्पर सहयोग करेंगे।
समझौते के माध्यम से दोनों संस्थान उपलब्धता एवं पारस्परिक सहमति के आधार पर अपने प्रशिक्षण संबंधी आधारभूत ढांचे, कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालयों, सिमुलेशन सुविधाओं, सम्मेलन कक्षों एवं अन्य संस्थागत संसाधनों का साझा उपयोग कर सकेंगे। इससे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आधुनिक तकनीकों, नवीन कार्यप्रणालियों तथा दोनों संस्थानों में अपनाई जा रही सर्वोत्तम कार्य-पद्धतियों से परिचित होने का अवसर मिलेगा।
यह समझौता ज्ञापन हस्ताक्षर की तिथि से पांच वर्ष की अवधि तक प्रभावी रहेगा। इसके माध्यम से भारतीय रेल एवं मेट्रो रेल क्षेत्र में प्रशिक्षण, व्यावसायिक दक्षता, अनुसंधान तथा संस्थागत सहयोग को प्रोत्साहन मिलेगा। दोनों संस्थानों की यह पहल परिवहन क्षेत्र में कुशल मानव संसाधन के विकास, ज्ञान के प्रभावी आदान-प्रदान तथा आधुनिक परिवहन प्रणालियों के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की क्षमता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।


