उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

स्वच्छता पखवाड़ाः लखनऊ मंडल में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के प्रति जागरूकता अभियान

लखनऊ : स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत पूर्वाेत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल द्वारा मंडल रेल प्रबंधक  गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर/ईएनएचएम  महेंद्र सिंह के निर्देशन में मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों एवं अन्य रेलवे इकाइयों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (Solid Waste Management–SWM) नियम, 2026 के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु विशेष अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान गहन साफ-सफाई के साथ ही रेलवे कर्मचारियों, ऑन-बोर्ड हाउसकीपिंग सर्विस (OBHS) कर्मियों, पेंट्रीकार स्टाफ, खानपान विक्रेताओं एवं ठेकेदारों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के प्रभावी अनुपालन के प्रति जागरूक किया गया। विभिन्न स्टेशनों पर स्वास्थ्य निरीक्षकों, स्वच्छता कर्मियों एवं खानपान विक्रेताओं द्वारा जागरूकता रैलियां निकाली गईं। पोस्टर एवं प्रचार-प्रसार सामग्री के माध्यम से यात्रियों को कचरे के स्रोत पर पृथक्करण, निर्धारित डस्टबिन में कचरा डालने तथा उसके उचित संग्रहण एवं निस्तारण की जानकारी दी गई। साथ ही, स्वच्छता बनाए रखने के लिए क्या करें और क्या न करें, इसके बारे में भी जागरूक किया गया। रेलवे कॉलोनियों में भी स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन के प्रति जागरूकता अभियान चलाया गया।
इसी क्रम में गोरखपुर जंक्शन एवं सीतापुर जंक्शन पर कर्मचारियों और यात्रियों को SWM नियम, 2026 के अनुरूप कचरे के पृथक्करण, संग्रहण एवं उचित निस्तारण की जानकारी दी गई। रेलवे स्टेशनों एवं कॉलोनियों में संविदा कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। इसके अतिरिक्त, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत रेलवे कॉलोनी में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
लखनऊ मंडल द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत जनभागीदारी को प्रोत्साहित करते हुए स्वच्छ, स्वस्थ एवं पर्यावरण-अनुकूल रेलवे परिसर के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। रेल प्रशासन यात्रियों, रेलकर्मियों एवं आम नागरिकों से अपील करता है कि वे कचरा इधर-उधर न फेंकें, निर्धारित डस्टबिन का उपयोग करें तथा गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखें। स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जनसहयोग से ही स्वच्छ एवं सुंदर रेलवे परिसर का निर्माण संभव है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button