मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को न प्रधानमंत्री बनना है, न मुख्यमंत्री, फिर सत्ता के लिए इतनी बेचैनी क्यों? : सुनील सिंह

लखनऊ। लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व एमएलसी चौधरी सुनील सिंह ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि ज्ञानेश कुमार जी को न प्रधानमंत्री बनना है और न मुख्यमंत्री बनना है। ऐसे में यदि ज्ञानेश जी को बचना है तो उन्हें देश के प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के लिए गवाही दे देनी चाहिए।
सुनील सिंह ने कहा कि “ज्ञानेश जी को बचना है तो देश के प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के लिए गवाही दे दीजिए।” उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर सवाल उठना बेहद गंभीर विषय है।
लोकदल अध्यक्ष ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त का पद बीजेपी दल या सरकार के हित में काम करने के लिए नहीं, बल्कि संविधान और मतदाता के अधिकारों की रक्षा के लिए है। चुनाव आयोग की हर कार्रवाई जनता के सामने स्पष्ट और पारदर्शी होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों और शिकायतों का जवाब संवैधानिक नियमों और दस्तावेजों के आधार पर दिया जाना चाहिए। जनता को यह जानने का अधिकार है कि चुनावी प्रक्रिया में शिकायतों पर क्या कार्रवाई हुई और नियमों का पालन क्यों नहीं किया गया।
सुनील सिंह ने कहा कि यदि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर जनता के मन में सवाल पैदा हुए हैं, तो ज्ञानेश कुमार को जनता के सामने स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए और यदि उनसे कोई गलती हुई है तो जनता से माफी मांगनी चाहिए। संवैधानिक पद की गरिमा और जनता के विश्वास को बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।



