उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

ऑपरेशन आहट’ के तहत पांच नाबालिग बच्चों को मानव तस्करी से बचाया गया, एक अभियुक्त गिरफ्तार

लखनऊ : उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल में रेलवे सुरक्षा बल एवं एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) की टीम द्वारा नाबालिग बच्चों को मानव तस्करी एवं बाल श्रम से बचाने के लिए चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन आहट’ के तहत पांच नाबालिग बच्चों को सुरक्षित बरामद किया गया तथा एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।

24 सितंबर, 2026 को लखनऊ मंडल की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की टीम द्वारा गाड़ी संख्या 15568 में अयोध्या कैंट से लखनऊ के मध्य चेकिंग के दौरान कोच संख्या एस-5 में पांच नाबालिग लड़कों को देखा गया। संदेह होने पर टीम द्वारा बच्चों से पूछताछ की गई। पूछताछ में बच्चों ने बताया कि उन्हें एक व्यक्ति द्वारा कटिहार, बिहार से अहमदाबाद, गुजरात ले जाया जा रहा था, जहां उनसे बिजली के तार संबंधी कार्य कराया जाना था।

प्राथमिक पूछताछ में मामला बाल श्रम एवं मानव तस्करी से संबंधित प्रतीत होने पर टीम द्वारा बच्चों को अपने साथ ले जा रहे व्यक्ति को ट्रेन से उतारा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम जहांगीर आलम, पुत्र तजीबुर रहमान, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम रंगाईपुर, पोस्ट बी. दौलतपुर, थाना हरिश्चंद्रपुर, जिला मालदा, पश्चिम बंगाल बताया।

पूछताछ के दौरान अभियुक्त द्वारा कथित रूप से बताया गया कि नाबालिग बच्चों के माता-पिता को अग्रिम भुगतान तथा अधिक पैसे का लालच देकर बच्चों को मजदूरी कराने के लिए ले जाया जा रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पांच नाबालिग बच्चों को आवश्यक संरक्षण एवं सहायता के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन के सुपुर्द किया गया तथा अभियुक्त को रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट, लखनऊ की निगरानी में रखा गया।

इस संबंध में दिनांक 25 सितंबर, 2026 को थाना एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (AHT), डालीगंज, लखनऊ में लिखित तहरीर दी गई, जिसके आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 06/2025, धारा 143(5) बीएनएस के अंतर्गत अभियुक्त जहांगीर के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया। अभियुक्त को दिनांक 26 सितंबर, 2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे 14 दिवस की न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के आदेश दिए गए हैं।

उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल द्वारा नाबालिग बच्चों की सुरक्षा, मानव तस्करी की रोकथाम तथा रेलवे परिसरों एवं ट्रेनों में ऐसे मामलों की पहचान के लिए लगातार निगरानी एवं अभियान चलाए जा रहे हैं। यात्रियों एवं आमजन से भी अपील है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा नाबालिग बच्चों के साथ होने वाली संदिग्ध आवाजाही की जानकारी तत्काल रेलवे सुरक्षा बल, राजकीय रेलवे पुलिस अथवा संबंधित हेल्पलाइन को दें।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button