हिंदी दिवस के अवसर पर उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल में राजभाषा पखवाड़े का शुभारंभ

लखनऊ : हिंदी दिवस के अवसर पर उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल में 14 सितम्बर, 2026 से 28 सितम्बर, 2026 तक राजभाषा पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है। राजभाषा पखवाड़े के दौरान हिंदी के प्रचार-प्रसार तथा राजभाषा के प्रयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मंडल के विभिन्न स्टेशनों एवं कार्यालयों में राजभाषा ज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, तात्कालिक टिप्पणी एवं राजभाषा ज्ञान प्रतियोगिता, वाद-विवाद प्रतियोगिता, सुलेख तथा राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठकों सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त 28 सितम्बर, 2026 को लखनऊ मंडल के सभी स्टेशनों पर मंडल राजभाषा प्रचार-प्रसार द्वारा राजभाषा पखवाड़े का समापन किया जाएगा तथा मंडल कार्यालय में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित होगा।
इस अवसर पर मण्डल रेल प्रबंधक, लखनऊ, सुनील कुमार वर्मा ने मण्डल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि हिंदी दिवस हम सभी के लिए गर्व का अवसर है कि हम उस भाषा को सम्मान दें, जिसने हमारी सभ्यता, साहित्य और सांस्कृतिक परंपराओं को समृद्ध किया है। यह दिवस हमें इस संकल्प को दोहराने का अवसर देता है कि हम अपने दैनिक जीवन, कार्यस्थल और सामाजिक जीवन में अधिक से अधिक राजभाषा हिंदी का प्रयोग करें। राजभाषा हिंदी का सही और सहज उपयोग न केवल हमारे विचारों को स्पष्ट करता है, बल्कि प्रशासनिक कार्यों को भी सरल, सुगम और प्रभावी बनाता है।


