रसोई यानों में ‘औचक सघन जॉच’ अभियान

लखनऊ । रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार यात्रियों को स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खानपान सेवा सुनिश्चित करने हेतु भारतीय रेल पर ‘औचक सघन जॉच’ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम मे पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मण्डल के मण्डल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबंधक अरिजीत सिंह के दिशानिर्देशन में गोरखपुर जं0 रेलवे स्टेशन पर ‘औचक सघन जॉच’ अभियान चलाया गया।
मण्डल वाणिज्य प्रबंधक संजय कुमार राय एवं सहायक वाणिज्य प्रबंधक (पीएम) श्री ओमकारनाथ वर्मा द्वारा गोरखपुर स्टेशन से गुजरने वाली सभी गाड़ियों की सघन जांच की गयी। इस दौरान पैंट्रीकार की समग्र साफ-सफाई एवं रखरखाव, ऑनबोर्ड कैटरिंग स्टाफ की स्वच्छता – साफ यूनिफॉर्म, हैंड ग्लव्स, हेड गियर, कच्चे माल एवं पके हुए भोजन का वैज्ञानिक भंडारण, कीट/चूहा नियंत्रण एवं फ्यूमिगेशन की स्थिति तथा रेल नीर की अनिवार्य उपलब्धता की जॉच की गयी। इसके साथ ही पायी गयी कमियों को दूर करने हेतु निर्देशित किया गया तथा इस दौरान पाए गए अनाधिकृत सामान के जब्ती के लिए आवश्यकता अनुसार कार्यवाही भी की गयी।


