उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

मणिपुरी संगीतकार की हत्या पर राहुल गांधी बोले- देश में बढ़ रहीं हिंसक घटनाएं, पूर्वोत्तर के लोगों समेत कई समुदाय इसका सामना कर रहे

कहा- हम नफरत और हिंसा के खिलाफ खड़े हैं, इसे हराकर रहेंगे

नई दिल्ली : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली में मणिपुरी संगीतकार चोंगथाम विक्रम सिंह की हत्या को देश में बढ़ती हिंसा, नफरत और अहंकार की व्यापक समस्या का हिस्सा बताते हुए कहा कि यह कोई अकेली घटना नहीं है। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर के लोगों समेत देश के कई समुदाय लगातार अपमान, धमकी और हिंसा का सामना कर रहे हैं।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी गुरुवार देर शाम नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में चोंगथाम विक्रम सिंह की याद में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में बोल रहे थे।

विक्रम सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए राहुल गांधी ने कहा कि एक परिवार ने एक बेटे और देश ने एक प्रतिभाशाली कलाकार को खो दिया है। उन्होंने कहा, “हम ऐसी नफरत और हिंसा के खिलाफ खड़े हैं, इसके खिलाफ लड़ेंगे एवं इसे हराकर रहेंगे।”

राहुल गांधी ने दुख जताते हुए कहा कि यह सिर्फ एक वजह से नहीं, बल्कि कई वजहों से दुखद घटना है। उन्होंने इसे बेहद दुखद बताया कि विक्रम सिंह पर इसलिए हमला किया गया, क्योंकि वे पूर्वोत्तर के रहने वाले थे। उन्होंने कहा कि मणिपुर के लोगों को केवल इसी त्रासदी का सामना नहीं करना पड़ रहा है, पिछले कुछ सालों से वे लगातार गंभीर संकटों का सामना कर रहे हैं।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने समाज में बढ़ती हिंसा और नफरत पर चिंता जताते हुए कहा कि आजकल यह एक प्रवृत्ति बनती जा रही है कि ताकतवर लोग हिंसा और अहंकार को अपना अधिकार समझ लेते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि हिंसा का मुकाबला हिंसा या नफरत से करना सही रास्ता नहीं है। इसका सही जवाब अपनी बात को निडरता से रखना, अपने विचारों की रक्षा करना, अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करना और यह स्पष्ट संदेश देना है कि किसी भी तरह के दबाव या डर के आगे झुका नहीं जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button