भारत के राष्ट्रगान के रचयिता, महान कवि एवं नोबेल पुरस्कार विजेता गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर जी की पुण्यतिथि पर सीटू ने दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि

नोएडा : आज 7 अगस्त को भारत के राष्ट्रगान “जन गण मन” के रचयिता, महान कवि, साहित्यकार, संगीतज्ञ एवं नोबेल पुरस्कार विजेता गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर जी की पुण्यतिथि के अवसर पर सीटू गौतम बुद्ध नगर की ओर से उन्हें शत्-शत् नमन एवं भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर सीटू (CITU) गौतम बुद्ध नगर के सचिव गंगेश्वर दत्त शर्मा ने कहा कि गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर केवल एक कवि नहीं, बल्कि मानवता, स्वतंत्रता, समानता और भाईचारे के प्रतीक थे। उन्होंने अपने साहित्य और संगीत के माध्यम से देश और दुनिया को एक नई दिशा दी। उनकी कालजयी रचनाएँ गीतांजलि, जन गण मन और रवींद्र रचनावली आज भी हमें देशभक्ति, मानवता और सामाजिक न्याय की प्रेरणा देती हैं।
गंगेश्वर दत्त शर्मा ने कहा कि आज जब देश में नफरत और विभाजन की राजनीति बढ़ रही है, तब टैगोर जी के मानवतावादी विचार और भी अधिक प्रासंगिक हो जाते हैं। मजदूर वर्ग को उनके विचारों से प्रेरणा लेकर एकता और संघर्ष के रास्ते पर आगे बढ़ना होगा।
सीटू गौतम बुद्ध नगर, गुरुदेव के सपनों के मानवतावादी भारत के निर्माण के लिए संकल्पबद्ध है।



