वैभव वर्मा की हत्या के विरोध में स्वर्णकार कारीगर मंडल ने निकाला कैंडल मार्च, फांसी की सजा की उठी मांग

गोरखपुर : खजनी बाजार निवासी 10 वर्षीय वैभव वर्मा की निर्मम हत्या से क्षेत्र में शोक और आक्रोश में शुक्रवार शाम स्वर्णकार कारीगर मंडल के बैनर तले वैभव को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कैंडल मार्च निकाला गया। शाम करीब 7 बजे शुरू हुए इस मार्च में बड़ी संख्या में स्वर्णकार समाज के लोगों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर दिवंगत बालक को श्रद्धांजलि दी और दोषी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की।
कैंडल मार्च के दौरान उपस्थित लोगों ने सरकार और प्रशासन से मांग की कि मासूम वैभव के हत्यारे को शीघ्र न्यायिक प्रक्रिया के तहत फांसी की सजा दिलाई जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की जघन्य घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। वक्ताओं ने कहा कि मासूम की हत्या ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना सभी की जिम्मेदारी है। श्रद्धांजलि सभा में दिवंगत वैभव की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन भी रखा गया।



