लखनऊ उत्तर को ₹24.37 करोड़ और पश्चिम विधानसभा को 43.85 करोड़ की विकास परियोजनाओं का हुआ शिलान्यास

लखनऊ : लखनऊ उत्तर विधानसभा और पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की बड़ी सौगात मिली है। उत्तर क्षेत्र के अवस्थापना और जनकल्याणकारी विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के उद्देश्य से कुल 34 विकास कार्यों के लिए ₹24.37 करोड़ रुपये की और पश्चिम विधानसभा को 43.85 करोड़ की धनराशि की स्वीकृति प्रदान की गई है। उत्तर विधानसभा में सीतापुर रोड स्थित सेंट जोसेफ कॉलेज सभागार और पश्चिम विधानसभा के राज गार्डन राजाजीपुरम में आयोजित कार्यक्रम में त्वरित आर्थिक विकास योजना के अंतर्गत केंद्रीय रक्षामंत्री व लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह द्वारा स्वीकृत कराए गए विकास कार्यों का शिलान्यास हुआ। इस मौके पर मुख्य अतिथि भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डा. नीरज सिंह, महापौर सुषमा खर्कवाल, महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा, एमएलसी मुकेश शर्मा, सांसद प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी, अंजनी श्रीवास्तव, प्रवीण गर्ग सहित मंडल अध्यक्ष, पार्षद काफी संख्या में स्थानीय निवासी मौजूद रहे।
केंद्रीय रक्षामंत्री व लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह की निधि से सर्वाधिक 30 विकास कार्य होंगे। वहीं विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा तथा राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी की निधि से भी विकास कार्यों को मंजूरी दी गई है।
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह ने कहा कि लखनऊ को विश्वस्तरीय और सुदृढ़ बुनियादी ढांचे से लैस शहर बनाना रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का संकल्प है। उत्तर विधानसभा क्षेत्र में स्वीकृत सभी 34 विकास कार्य जन-आकांक्षाओं को पूरा करने और नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में मील का पत्थर साबित होंगे। डबल इंजन सरकार की नीति ‘विकास भी, विरासत भी’ के तहत हर वार्ड और हर मोहल्ले तक विकास की किरण पहुंचाई जा रही है।”
मुकेश शर्मा ने कहा कि रक्षा मंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह जी के दिशा निर्देशन में लखनऊ में अनेकों ओवरब्रिज , रिंग रोड, एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन का सौंदर्यीकरण हुआ है वही आम नागरिकों की क्षेत्रीय आवश्यकताओं का ध्यान रखते हुए सड़क, गली और नाली जैसे विकास कार्य भी कराए जा रहे हैं।
विधायक डॉक्टर नीरज बोरा ने कहा कि विकास कार्य क्षेत्र की सड़कों, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था और सार्वजनिक सुविधाओं का कायाकल्प करेंगे। हमारी सरकार क्षेत्रवासियों को हर संभव सुविधा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। विकास कार्यों की इस बड़ी सौगात से स्थानीय नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है।
कार्यक्रम के दौरान अंजनी श्रीवास्तव ने 266 और नए विकास कार्य जाने की सूची उपस्थित अतिथियों और सांसद प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी को सौंपी।



