उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

कुलजीत सिंह चहल ने पटियाला हाउस कोर्ट के पीछे नवनिर्मित आधुनिक सार्वजनिक शौचालय का उद्घाटन किया

नई दिल्ली |  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी  के स्वच्छ भारत मिशन तथा नागरिकों को विश्वस्तरीय शहरी सुविधाएँ उपलब्ध कराने के संकल्प के अनुरूप, नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने आज पटियाला हाउस कोर्ट के पीछे स्थित नवनिर्मित आधुनिक सार्वजनिक शौचालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर एनडीएमसी के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

श्री चहल ने बताया कि एनडीएमसी अपने क्षेत्र में स्वच्छ, आधुनिक, सुरक्षित एवं नागरिक-अनुकूल सार्वजनिक सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि लगभग 42.74 वर्ग किलोमीटर क्षेत्रफल वाले एनडीएमसी क्षेत्र में वर्तमान में 364 सार्वजनिक स्वच्छता इकाइयाँ संचालित हैं, जिनमें 291 सार्वजनिक शौचालय (PTUs), 40 सामुदायिक शौचालय (CTUs) तथा 33 सार्वजनिक मूत्रालय (PUs) शामिल हैं। इनका उद्देश्य नागरिकों एवं आगंतुकों को बेहतर स्वच्छता सुविधाएँ उपलब्ध कराना है।

उन्होंने बताया कि पटियाला हाउस कोर्ट के पीछे स्थित यह सार्वजनिक शौचालय पहले लगभग 25 वर्गमीटर क्षेत्र में था। बढ़ती आवश्यकता को देखते हुए पुराने ढाँचे को पूर्णतः हटाकर लगभग 50 वर्गमीटर क्षेत्र में ₹22 लाख की लागत से आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया शौचालय बनाया गया है। यह कार्य लगभग पाँच माह में पूर्ण किया गया।

श्री चहल ने बताया कि इस आधुनिक सुविधा में महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग ब्लॉक बनाए गए हैं। पुरुष ब्लॉक में 3 वाटर क्लोसेट, 5 सेंसर आधारित यूरिनल तथा महिला ब्लॉक में 3 वाटर क्लोसेट की व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि सेंसर आधारित यूरिनल से पानी की बचत होगी तथा संपर्क रहित (Contactless) उपयोग के कारण स्वच्छता भी बेहतर होगी। बेहतर वेंटिलेशन एवं आधुनिक सुविधाओं से यह सार्वजनिक शौचालय अधिक स्वच्छ, सुरक्षित एवं उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाया गया है।

श्री चहल ने कहा कि यह सुविधा मुख्य रूप से पटियाला हाउस कोर्ट आने वाले वकीलों, वादकारियों, न्यायालय कर्मचारियों, आगंतुकों एवं आम नागरिकों को लाभान्वित करेगी तथा इस व्यस्त क्षेत्र में स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को और मजबूत करेगी।

उन्होंने कहा कि एनडीएमसी आने वाले समय में भी सार्वजनिक शौचालयों सहित अन्य नागरिक सुविधाओं का आधुनिकीकरण जारी रखेगी, ताकि प्रत्येक नागरिक को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण शहरी सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा सकें।

अंत में श्री चहल ने नागरिकों से सार्वजनिक सुविधाओं का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने तथा उन्हें स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग देने का आग्रह किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button